हैदराबाद : प्रसिद्ध बलकमपेट येल्लम्मा कल्याणोत्सव शुरू, श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
हैदराबाद, 21 जुलाई (हि.स.)। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 15वीं शताब्दी के ऐतिहासिक येलम्मा मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मंगलवार को वार्षिक येल्लम्मा कल्याणोत्सव का त्योहार धार्मिक उत्साह के बीच शुरू हुआ। हालांकि कई श्रद्धालुओं को कतारों में रुकावट और सुरक्षा व्यवस्था के कारण दर्शन में भारी देरी से निराशा का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा वीआईपी लोगों की उपस्थिति, जिन्हें मंदिर में प्राथमिकता से प्रवेश दिया गया था उन्होंने श्रद्धालुओं की समस्याओं को और बढ़ा दिया तथा उनकी स्वतंत्र आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया। परिणामस्वरूप, मंदिर के पास की संकरी संपर्क गलियां कतार में खड़े श्रद्धालुओं से भर गईं।
इस भारी भीड़ ने भीड़ प्रबंधन और इस तरह के हाई-प्रोटिफ़ाइल त्योहार के लिए उचित योजना की कमी पर गंभीर चिंताएं पैदा कर दीं।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की पत्नी और बेटी, बंदोबस्त मंत्री कोंडा सुरेखा के अलावा परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर, जिन्होंने राज्य सरकार की ओर से देवी को 'पट्टू वस्त्रलु' (रेशमी वस्त्र) भेंट किए। इनके अलावा कई हाई-प्रोफाइल गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति के परिणामस्वरूप श्रद्धालुओं को कतारों में लंबा इंतजार करना पड़ा।
मंदिर के अनुष्ठान सुबह 3 बजे विशेष अभिषेक और पारंपरिक पूजा के साथ शुरू हुए। मंत्री पोन्नम प्रभाकर और पूर्व मंत्री तलसानी श्रीनिवास यादव ने कहा कि उन्होंने अच्छी बारिश, भरपूर फसल और किसानों तथा नागरिकों की समग्र भलाई के लिए प्रार्थना की।
येल्लम्मा मंदिर में माता रेणुकादेवी की मूर्ति एक कुएं के अंदर जमीन से 10 फीट नीचे अनोखे रूप से विराजमान है, जहां श्रद्धालु पारंपरिक रूप से हल्दी, साड़ियां और चूड़ियां अर्पित करते हैं। बुधवार को निर्धारित रथोत्सव के साथ उत्सव जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

