home page

पश्चिम रेलवे गणपति फेस्टिवल के दौरान विभिन्न गंतव्यों के लिए चलाएगी स्पेशल ट्रेनें

 | 
पश्चिम रेलवे गणपति फेस्टिवल के दौरान विभिन्न गंतव्यों के लिए चलाएगी स्पेशल ट्रेनें


वडोदरा, 07 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विश्वामित्री और रत्नागिरी के बीच विशेष किराये पर दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों का संचालन सितंबर माह में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। दोनों ट्रेनों का ठहराव सूरत, भरूच, वलसाड, वापी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 09110/09109 विश्वामित्री–रत्नागिरी–विश्वामित्री द्वि-साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 12 से 24 सितंबर, 2026 तक किया जाएगा। ट्रेन संख्या 09110 प्रत्येक बुधवार और शनिवार को सुबह 10:00 बजे विश्वामित्री से रवाना होकर अगले दिन रात 12:30 बजे रत्नागिरी पहुंचेगी। वहीं वापसी में 09109 प्रत्येक गुरुवार और रविवार को रात 1:30 बजे रत्नागिरी से प्रस्थान कर शाम 5:30 बजे विश्वामित्री पहुंचेगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09124/09123 विश्वामित्री–रत्नागिरी–विश्वामित्री साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 14 और 21 सितंबर को किया जाएगा। ट्रेन संख्या 09124 प्रत्येक सोमवार सुबह 5:55 बजे विश्वामित्री से रवाना होकर रात 8:00 बजे रत्नागिरी पहुंचेगी, जबकि 09123 उसी दिन रात 9:00 बजे रत्नागिरी से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 11:45 बजे विश्वामित्री पहुंचेगी।

दोनों स्पेशल ट्रेनों का ठहराव भरूच, सूरत, वलसाड, वापी, दहानू रोड, पालघर, वसई रोड, भिवंडी रोड, पनवेल, पेन, रोहा, मानगांव, वीर, खेड़, चिपलून तथा संगमेश्वर रोड सहित विभिन्न स्टेशनों पर रहेगा। द्वि-साप्ताहिक स्पेशल का ठहराव सावर्डा और अरावली रोड स्टेशनों पर भी होगा।

इन ट्रेनों में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास तथा जनरल सेकेंड क्लास के कोच उपलब्ध रहेंगे।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 09013, 09019, 09030, 09022, 09114, 09110 और 09124 की अग्रिम बुकिंग 9 अगस्त, 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों तथा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारी की पुष्टि करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे