मुर्गी पालन से चमोली की सुमन देवी कमा रहीं 18 हजार रुपये प्रतिमाह
चमोली, 22 जून (हि. स.)। उत्तराखंड के चमोली जिले की एक ग्रामीण महिला ने मुर्गी पालन के जरिए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। दशोली विकासखंड के सलना रैंतोली गांव की सुमन देवी वर्तमान में पोल्ट्री यूनिट का संचालन कर प्रतिमाह 15 हजार से 18 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।
सुमन देवी जय मां भगवती स्वयं सहायता समूह, एकता ग्राम संगठन और बिरही गंगा सीएलएफ से जुड़ी हैं। उन्होंने कुल 2.50 लाख रुपये की लागत से मुर्गी पालन का व्यवसाय स्थापित किया। इसके लिए उन्होंने रीप परियोजना के तहत 75 हजार रुपये की सहायता, 1.25 लाख रुपये का बैंक ऋण तथा 50 हजार रुपये का स्वयं का अंशदान किया। परियोजना से मिले वित्तीय और तकनीकी सहयोग से उनके व्यवसाय को गति मिली। वर्तमान में उनकी पोल्ट्री यूनिट में करीब 200 मुर्गियां हैं। अंडों की बिक्री से उन्हें प्रतिदिन लगभग 600 रुपये की आय होती है, जिससे उनकी मासिक आय 15 हजार से 18 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
सुमन देवी ने कहा कि रीप परियोजना से मिले सहयोग ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित आय से परिवार की जरूरतें पूरी हो रही हैं और अब वह अपने व्यवसाय का विस्तार करने की दिशा में भी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को यदि उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो वे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

