home page

कंधे के सहारे जनता दरबार पहुंचे मोंटू, लौटे तो हाथ में नौकरी और नई उम्मीद

 | 
कंधे के सहारे जनता दरबार पहुंचे मोंटू, लौटे तो हाथ में नौकरी और नई उम्मीद


पूर्व मेदिनीपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। जिले के मेचेदा के आंदुलपोता गांव निवासी विशेष रूप से सक्षम युवक मोंटू दास के जीवन में नई उम्मीद जगी है। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद लंबे समय से बेरोजगार मोंटू को आखिरकार ‘जनता दरबार’ के माध्यम से नौकरी मिली है। साथ ही आवागमन की सुविधा के लिए उन्हें बैटरी चालित ट्राई साइकिल भी दी गई है। बुधवार को मोंटू दास की नौकरी की व्यवस्था की गई। साइकिल प्राप्त करने के बाद स्वाभाविक रूप से भावुक हो गए।

मेचेदा के शांतिपुर स्थित एक पीएचई अनुभाग में पंप ऑपरेटर के पद पर उनकी नियुक्ति की व्यवस्था की गई। बुधवार को उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा गया।

मोंटू दास ने शारीरिक बाधाओं को पार करते हुए एमए और बीएड की डिग्री हासिल की है। उन्होंने उच्च प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी, लेकिन लंबे समय तक उन्हें नौकरी नहीं मिली। विभिन्न स्थानों पर आवेदन करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। अंततः पूर्व मेदिनीपुर जिले में आयोजित ‘जनता दरबार’ में उन्होंने अपनी समस्या रखी।

जिला प्रशासन के अनुसार, आम लोगों की शिकायतें सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से इस जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। जनता दरबार में मोंटू अपने बहनोई के कंधे के सहारे पहुंचे और जिला परिषद के सभाधिपति को अपनी शैक्षणिक योग्यता तथा बेरोजगारी की समस्या से अवगत कराया। मोंटू की परिस्थिति और शैक्षणिक योग्यता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। शारीरिक बाधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन की सुविधा के लिए जिला परिषद की ओर से उन्हें बैटरी चालित ट्राई साइकिल दी गई।

नियुक्ति पत्र और ट्राई साइकिल मिलने पर मोंटू दास तथा उनके परिवार के सदस्य भावुक हो उठे। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोग भी खुश हैं। उनका कहना है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उच्च शिक्षा हासिल करने वाले मोंटू के लंबे संघर्ष के बाद मिली यह नौकरी उनके जीवन में एक नए अध्याय की शुरुआत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता