मप्र के हिल स्टेशन पचमढ़ी में महाशिवरात्रि मेला शुक्रवार से, शिवभक्तों के लिए तैयार सतपुड़ा की रानी
नर्मदापुरम, 05 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में आयोजित 10 दिवसीय आस्था महोत्सव महाशिवरात्रि मेले की शुक्रवार, 6 फरवरी को भव्य शुरुआत होगी। 15 फरवरी तक आयोजित इस मेले में देशभर से हजारों भक्तों के पहुंचने की संभावना है। मेले में आने वाले शिवभक्तों के लिए सतपुड़ा की रानी पूरी तरह से तैयार है।
नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना ने गुरुवार को बताया कि मेले के आयोजन के लिए जिला प्रशासन हर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्याओं का सामना न करना पड़े। मेले में सुरक्षा स्वच्छता परिवहन जलापूर्ति आवागमन एवं स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरंतर रूप से भ्रमण कर मेले के सफल आयोजन के लोई निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है जिससे मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि मेला अवधि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पचमढ़ी पहुंचते हैं। मुख्य रूप से महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से श्रद्धालु पचमढ़ी पहुंचकर भूत भावन भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने चौरागढ़ मंदिर जाते हैं। इस वर्ष भी लगभग 4 से 5 लाख श्रद्धालुओं के पचमढ़ी पहुंचने का अनुमान है, जिसके लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।
13 सेक्टर में विभाजित रहेगा पूरा मेला क्षेत्र, समस्त सेक्टरों में लगाई गई अधिकारियों की ड्यूटीसंपूर्ण मेला क्षेत्र 13 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर का कार्य क्षेत्र निर्धारित कर सेक्टर अधिकारी के रूप में अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है जो अपने-अपने सेक्टर में व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करेंगे एवं मेले के सुचारू संचालन में आवश्यक व्यवस्थाओं पर निगरानी रखेंगे।
अधिक व्हील बेस वाले वाहनों को किया गया प्रतिबंधित, अस्थाई पार्किंग तैयारमहाशिवरात्रि मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मेला अवधि में अधिक व्हीलबेस वाली लंबे आकार की स्लीपर कोच यात्री बसों के संचालन को प्रतिबंधित किया गया है। मटकुली से पचमढ़ी जाने वाला मार्ग पर लंबे आकार की स्लीपर कोच बसों के संचालन को प्रतिबंधित किया गया है। सेक्टर क्रमांक ए-13 मटकुली अंतर्गत छिंदवाड़ा एवं पिपरिया मार्ग पर चलने वाले भारी एवं बड़े वाहनों को रोका जाता है। मेला अवधि में होटल हाइलैंड के सामने मैदान में अस्थाई पार्किंग तैयार की गई है। इसके अतिरिक्त सांदीपनि विद्यालय पर भी अस्थाई पार्किंग तैयार की गई। साथ ही न्यू होटल के समीप मैदान में पार्किंग स्थल को रिजर्व भी रखा गया है। परिवहन विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों से पचमढ़ी तक के लिए किराए का निर्धारण भी किया गया है।
होमगार्ड, एसडीआरएफ और आपदा मित्र भी रहेंगे तैनातमहाशिवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी संभावित आपदा से त्वरित रूप से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। मेला क्षेत्र में आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए होमगार्ड, एसडीआरएफ तथा आपदा मित्रों की विशेष रूप से तैनाती की जा रही है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता सुनिश्चित करने तथा आपात स्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के उद्देश्य से होमगार्ड के 20 जवान, एसडीआरएफ के 20 सदस्य एवं 40 से अधिक प्रशिक्षित आपदा मित्रों को मेला क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर तैनात किया जाएगा। अलग अलग स्थानों पर फायर ब्रिगेड भी तैनात की गई है।
कानून और सुरक्षा की दृष्टि से लगभग 700 पुलिस जवान रहेंगे मेले में तैनातमहाशिवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। सुरक्षात्मक दृष्टि से मेला क्षेत्र में लगभग 700 जवानों का पुलिस बल तैनात की जाएगी। यह बल मेला परिसर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात रहकर सतत निगरानी रखेगा। मेले के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की जाएगी, जो मौके पर ही आवश्यक निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिकायत और सुझावों के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना भी की जाएगी। कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर से संबंधित फ्लेक्स मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोग तुरंत संपर्क कर सकें। इसके अतिरिक्त, सभी पार्किंग स्थलों एवं प्रत्येक सेक्टर पॉइंट पर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी। यह व्यवस्था मेला अवधि के दौरान तथा मेला समाप्ति के एक दिन बाद तक प्रभावी रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे। साथ ही मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी नजर रखी जायेगी।
विभिन्न स्थानों पर सुनिश्चित की गईं व्यापक स्वास्थ व्यवस्थाएंमहाशिवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संपूर्ण मेला क्षेत्र में व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। मेले की पूरी अवधि में विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस वाहन चालकों सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अमले की ड्यूटी लगाई गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के समुचित संचालन और निगरानी के लिए डॉ. रिचा कटकवार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपरिया को मेला प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में स्वास्थ्य टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएँ तथा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैंप भी स्थापित किए गए हैं। इन कैंपों में आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री तथा प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
_______________
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

