कमलेश ने फूलों की खेती से लिखी सफलता की नई कहानी
नैनीताल, 01 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद के धारी विकासखंड के पहाड़पानी निवासी कमलेश महतोलिया ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर फूलों की आधुनिक खेती के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल प्रस्तुत की है। इंजीनियरिंग में डिप्लोमा करने के बाद गुजरात में कार्यरत रहने वाले कमलेश गांव लौटकर कृषि क्षेत्र में नवाचार की दिशा में आगे बढ़े।
उद्यान विभाग के माध्यम से प्राप्त लगभग 14 लाख रुपये के ऋण से उन्होंने बंजर भूमि को विकसित कर फूलों एवं फलों की उन्नत खेती प्रारंभ की। प्रारंभ में 10 नाली भूमि से शुरू हुआ उनका प्रयास आज 40 नाली में फैली लिलियम सहित अन्य प्रजातियों की फूलों की खेती के रूप में खिल और महक रहा है। साथ ही 30 नाली क्षेत्र में सेब, कीवी और स्ट्रॉबेरी जैसी नगदी फसलों का उत्पादन भी किया जा रहा है।
उनके उत्पादों की मांग नैनीताल सहित अन्य जनपदों में बढ़ रही है। इस पहल से 8 से 10 स्थानीय लोगों को रोजगार भी प्राप्त हुआ है। सभी व्ययों के बाद कमलेश प्रतिमाह लगभग दो लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। कमलेश महतोलिया ने सफलता का श्रेय राज्य सरकार की योजनाओं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व को दिया है। उन्होंने कहा कि सरकारी सहयोग और तकनीकी मार्गदर्शन से ही यह संभव हो पाया है। यह उदाहरण दर्शाता है कि योजनाओं के समुचित उपयोग और नवाचार से युवा न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि क्षेत्र में रोजगार सृजन कर विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

