रक्षाबंधन पर इस बार दिन भर है राखी बांधने का मुहूर्त : आचार्य चेतन
चतरा, 27 अगस्त (हि.स.)।
भाई-बहन के स्नेह और प्रेम का प्रतीक का पावन त्यौहार रक्षाबंधन 28 अगस्त शुक्रवार को मनाया जाएगा। चतरा के आचार्य पंडित चेतन पाण्डेय ने बताया कि इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का कोई दोष नहीं है। इसलिए राखी बांधने का शुभ मुहूर्त इस बार दिन भर रहेगा। रक्षाबंधन पर कई शुभ योग भी बन रहे हैं जो काफी लाभप्रद होंगे। रक्षाबंधन पर इस बार शुक्रवार और शतभिषा नक्षत्र का योग है। इस दिन सूर्य कर्क राशि में केंद्रित रहेंगे तो वहीं चंद्रमा कुम्भ राशि में निवास करेंगे।
आचार्य ने बताया कि रक्षाबंधन श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की कामना करती हैं। शुक्रवार को पूर्णिमा तिथि सुबह 9.19 बजे तक भोग कर रहा है लेकिन उद्या तिथि के अनुसार दिन भर पूर्णिमा तिथि का ही मान्य होगा। लिहाजा रक्षाबंधन का त्योहार दिन भर मनाया जा सकेगा। इस दिन सूर्योदय से लेकर साम तक राखी बांधा जा सकेगा। ऐसे में इस बार रक्षाबंधन पर बहनों को राखी बांधने के मुहूर्त को लेकर किसी प्रकार का संशय या भ्रम नहीं रखना चाहिए। रक्षाबंधन का त्योहार बहन भाई के लिए खास होता है।
इस बार रक्षाबंधन पर पूरे दिन में विभिन्न मुहूर्तों का योग भी लाभप्रद है। यह योग भाई बहनों के प्रेम को प्रगाढ़ करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

