home page

देशभक्ति और श्रमशक्ति की मिसाल बनीं जीविका दीदियां, तैयार कर रहीं 28 हजार तिरंगे

 | 
देशभक्ति और श्रमशक्ति की मिसाल बनीं जीविका दीदियां, तैयार कर रहीं 28 हजार तिरंगे


किशनगंज, 09 अगस्त (हि.स.)। देशभक्ति, नारीशक्ति और श्रमशक्ति का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए बिहार में किशनगंज जिले की जीविका दीदियां हर घर तिरंगा अभियान-2026 के लिए 28 हजार तिरंगे तैयार कर रही हैं।

जिले के सभी सात प्रखंडों की करीब 400 जीविका दीदियां सिलाई केंद्रों के साथ-साथ अपने घरों में भी तिरंगा सिलने के काम में जुटी हैं। तिरंगा निर्माण से उन्हें रोजगार और आमदनी का अवसर मिलने के साथ राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करने का भी अवसर मिल रहा है।

रविवार को जीविका की डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में चार-चार हजार, यानी कुल 28 हजार तिरंगे तैयार किए जा रहे हैं। इन तिरंगों की आपूर्ति संबंधित विभागों, संस्थानों और निकायों को की जा रही है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार के माध्यम से जीविका दीदियों को तिरंगा निर्माण एवं आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि तिरंगा निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जिले के सातों प्रखंडों की करीब 1800 जीविका दीदियों को कुशल प्रशिक्षकों के नेतृत्व में कपड़ा सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण प्राप्त दीदियां अब विभिन्न सिलाई केंद्रों और घरों में तिरंगा तैयार कर रही हैं। नॉन फॉर्म युवा पेशेवर जीविका डॉली ने बताया कि तैयार किए गए तिरंगों की पैकेजिंग कर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार निर्धारित संख्या में संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है।

जीविका सामुदायिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों और संकुल संघों से जुड़ी महिलाएं सामूहिक रूप से इस कार्य को पूरा करने में लगी हैं। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को अपने घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित करना है। जीविका दीदियां इस अभियान को सफल बनाने में अपनी मेहनत और हुनर से महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह