home page

सूरत एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की ईमानदारी की मिसाल: 24 घंटे में महिला यात्री का 3.5 लाख रुपये का सोने का कंगन लौटाया

 | 
सूरत एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की ईमानदारी की मिसाल: 24 घंटे में महिला यात्री का 3.5 लाख रुपये का सोने का कंगन लौटाया


सूरत, 19 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने एक बार फिर अपनी ईमानदारी, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सूरत एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री का करीब 3.5 लाख रुपये मूल्य का सोने का कंगन मात्र 24 घंटे के भीतर खोजकर सुरक्षित वापस लौटा दिया। सीसीटीवी फुटेज, आधुनिक तकनीक और सूरत-बेंगलुरु एयरपोर्ट के बीच बेहतर समन्वय के कारण यह कार्रवाई सफल रही।

जानकारी के अनुसार रिया जैन इंडिगो की फ्लाइट 6E-465 से बेंगलुरु से सूरत पहुंची थीं। एयरब्रिज से टर्मिनल होते हुए बाहर निकलने के कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि उनके हाथ का सोने का कंगन कहीं गिर गया है। उन्होंने तुरंत सूरत एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

शिकायत मिलते ही सीआईएसएफ की टीम ने एयरब्रिज, आगमन क्षेत्र, बैगेज क्लेम और अन्य स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की गई। जांच में पता चला कि एयरब्रिज से गुजरते समय रिया जैन का कंगन फर्श पर गिर गया था, जिसे उनके पीछे आ रहे एक सहयात्री ने उठाकर अपने पास रख लिया और बिना सूचना दिए एयरपोर्ट से बाहर चला गया।

इसके बाद CISF ने फ्लाइट के यात्रियों का विवरण जुटाकर बेंगलुरु एयरपोर्ट की विजिलेंस टीम से संपर्क किया। संयुक्त प्रयासों से संबंधित यात्री की पहचान कर उससे संपर्क किया गया। उसे सूरत एयरपोर्ट बुलाया गया, जहां उसने अधिकारियों की मौजूदगी में कंगन वापस सौंप दिया। आवश्यक सत्यापन और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कंगन उसकी वास्तविक मालिक रिया जैन को सौंप दिया गया।

रिया जैन और उनके पति ने सीआईएसएफ की त्वरित, पारदर्शी और ईमानदार कार्यशैली की सराहना करते हुए जवानों का आभार व्यक्त किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सीआईएसएफ केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सहायता और विश्वास बनाए रखने के लिए भी पूरी निष्ठा से कार्य करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे