home page

यमुनानगर:बस अड्डे की पार्किंग बंद, सड़क किनारे खड़े हो रहे वाहन; जाम और चोरी का बढ़ा खतरा

 | 
यमुनानगर:बस अड्डे की पार्किंग बंद, सड़क किनारे खड़े हो रहे वाहन; जाम और चोरी का बढ़ा खतरा


यमुनानगर, 05 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर के मुख्य बस अड्डे की पार्किंग व्यवस्था पिछले करीब दो माह से ठप पड़ी है। पार्किंग का ठेका समाप्त होने के बाद अब तक नई नीलामी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है, जिसके कारण यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्किंग बंद होने से लोग अपने निजी वाहन बस अड्डे के बाहर सड़क किनारे खड़े करने को मजबूर हैं, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और वाहन चोरी का खतरा भी बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार पहले बस अड्डे की पार्किंग में प्रतिदिन दो सौ से अधिक बाइक और अन्य वाहन खड़े किए जाते थे। पार्किंग बंद होने के बाद अब ये सभी वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े किए जा रहे हैं। इससे बस अड्डे के आसपास अक्सर जाम की स्थिति बन रही है और दुकानदारों तथा ऑटो चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार पार्किंग के ठेके के लिए अब तक तीन बार नीलामी प्रक्रिया आयोजित की जा चुकी है, लेकिन हर बार बोली पूरी नहीं हो सकी। विभाग की ओर से ठेके का बेस प्राइस और

साथ में 18 प्रतिशत जीएसटी निर्धारित की गई है जो संभावित ठेकेदारों के अनुसार बहुत अधिक है, जिस कारण कोई भी बोलीदाता ठेका लेने में रुचि नहीं दिखा रहा। बोलीदाताओं की मांग है कि बेस प्राइस कम किया जाए ताकि ठेका व्यवहारिक बन सके। वंही ऑटो चालकों का कहना है कि पार्किंग बंद होने से सड़क पर वाहनों की भीड़ बढ़ गई है और उन्हें अपने ऑटो खड़े करने के लिए भी जगह नहीं मिल रही। दुकानदार राजकुमार का कहना है कि लोग अब महंगे वाहन जोखिम उठाकर सड़क पर खड़े कर रहे हैं, जिससे चोरी की आशंका बनी रहती है।

रोडवेज के महाप्रबंधक संजय रावल ने गुरुवार काे बताया कि तीन बार नीलामी रद्द होने के बाद मामले की जानकारी मुख्यालय को भेज दी गई है। मुख्यालय से नई दर तय होने के बाद टीम आकर दोबारा नीलामी कराएगी। उम्मीद है कि अगले एक से डेढ़ माह में पार्किंग व्यवस्था दोबारा शुरू हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार