home page

सौहार्दपूर्ण माहौल में हाेली मनाये जाने काे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क

 | 

सुपौल, 01 मार्च (हि.स.)। होली का ेलेकर बाजारों में अबीर-गुलाल, पिचकारी और रंग-बिरंगे परिधानों की खरीदारी तेज हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक फाग और होली गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है।

होली को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शांति समिति की बैठकों के माध्यम से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

चिकित्सा विभाग की ओर से भी आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट मोड में रखा गया है। अग्निशमन विभाग तथा विद्युत विभाग को भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

व्यापारियों के अनुमान अनुसार इस वर्ष बाजार में पारंपरिक गुलाल के साथ-साथ हर्बल रंगों की मांग अधिक देखी जा रही है। मिठाई दुकानों में भी गुझिया, ठंडाई और अन्य पारंपरिक व्यंजनों की तैयारी जोरों पर है। जिलावासियों से अपील की गई है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र