home page

सिक्किम के फामताम में भूस्खलन, दो की मौत, मुख्यमंत्री ने शोक किया व्यक्त

 | 
सिक्किम के फामताम में भूस्खलन, दो की मौत, मुख्यमंत्री ने शोक किया व्यक्त


गंगटोक, 25 जुलाई (हि.स.)। नाम्ची जिले के बर्फुङ क्षेत्र के अंतर्गत फामताम स्थित बरमेली पुल के पास शनिवार सुबह हुए भूस्खलन में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

नाम्ची जिले के बर्फुङ विधानसभा क्षेत्र के फामताम गांव स्थित बरमेली पुल के पास शनिवार सुबह अचानक भूस्खलन हुआ, जिसमें लाल बहादुर राई (18) और मन बहादुर गुरूंग (61) की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों में से एक को उपचार के लिए नाम्ची जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दूसरे घायल का इलाज रावांगला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। यह जानकारी मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव यूगेन तामांग ने दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सादा गांव और फामताम गांव के बीच भूस्खलन से अवरुद्ध सड़क को खोलने के लिए श्रमिकों की एक टीम मलबा हटाने के कार्य में लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

घटना के बाद क्षेत्र के विधायक रिक्सल दोर्जी भोटिया मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ नाम्ची की जिलापाल अनुपा तामलिंग, जिला प्रशासन के अधिकारी, रावांगला पुलिस तथा सड़क एवं पुल विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के तुरंत बाद राज्य प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने फामताम गांव में हुए दुखद भूस्खलन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सरकार फामताम के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर साझा अपने संदेश में भूस्खलन में दो लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी सभी सुरक्षा एवं सावधानी संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung