सांसद सुब्बा जेडआरयूसीसी बैठक में शामिल, रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग
गंगटोक, 25 अगस्त (हि.स.)। सिक्किम के लोकसभा सांसद डॉ. इन्द्रहांग सुब्बा ने मंगलवार को गुवाहाटी में आयोजित पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अंतर्गत जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमिटी (जेडआरयूसीसी) की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सिक्किम में चल रही रेल परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद के कार्यालय से मंगलवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि बैठक के दौरान सांसद सुब्बा ने सिक्किम को सीधे रेलमार्ग से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सेवक-रंगपो रेल परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य की कनेक्टिविटी, पर्यटन, व्यापार, आर्थिक विकास और रणनीतिक महत्व को देखते हुए इस परियोजना को समय पर पूरा किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने प्रस्तावित मेल्ली-देंताम रेल परियोजना के लिए चल रहे फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) तथा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार करने का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि परियोजना को अनावश्यक देरी के बिना आगे बढ़ाया जा सके।
सांसद सुब्बा ने कहा कि सिक्किम के दीर्घकालिक बुनियादी ढांचे के विकास, आर्थिक वृद्धि और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रेल कनेक्टिविटी का विस्तार और सुदृढ़ीकरण बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से इन परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
डॉ. सुब्बा ने सिक्किम की रेल कनेक्टिविटी परियोजनाओं को समय पर लागू कराने के लिए रेल मंत्रालय तथा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के साथ लगातार पहल और समन्वय करते रहने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

