home page

सिक्किम विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन, तीन विधेयक पारित

 | 
सिक्किम विधानसभा के बजट सत्र का तीसरा दिन, तीन विधेयक पारित


- एक सरकारी प्रस्ताव को भी मिली मंजूरी, अनुदान मांगों को भी पारित किया गया

गंगटोक, 22 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम विधानसभा के चार दिवसीय बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सदन ने तीन विधेयक पारित किए। इसके साथ ही एक सरकारी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई तथा पांच विभागों से संबंधित अनुदान की मांगों को भी पारित किया गया।

सदन ने शिक्षा विभाग के मंत्री राजू बस्नेत द्वारा प्रस्तुत सिक्किम निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं विनियमन) (संशोधन) विधेयक, 2026 तथा बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड स्किल एजुकेशन, सिक्किम (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित किया। इसके अलावा, गृह विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग द्वारा प्रस्तुत सिक्किम अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक, 2026 भी सदन से पारित हो गया। ये सभी विधेयक संबंधित मंत्रियों ने 20 जुलाई को बजट सत्र के पहले दिन सदन में पेश किए थे।

इसी प्रकार, वन एवं पर्यावरण विभाग के मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा द्वारा प्रस्तुत तथा विधायक सोनाम छिरिंग वेंचुंगपा द्वारा समर्थित सरकारी प्रस्ताव संख्या-02, 2026 को भी सदन ने स्वीकृति प्रदान की। यह प्रस्ताव भारतीय संविधान के अनुच्छेद 252 के तहत जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) (संशोधन) अधिनियम, 2024 को सिक्किम राज्य में लागू करने से संबंधित था।

सदन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा के बाद उन्हें भी पारित कर दिया। इनमें भवन एवं आवास तथा श्रम विभाग के मंत्री भीम हांग लिम्बू, शहरी विकास तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री भोजराज राई, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, संस्कृति तथा आयुष विभाग के मंत्री जीटी ढुंगेल, कृषि, बागवानी, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवा तथा मत्स्य विकास विभाग के मंत्री पूरण कुमार गुरूंग, तथा वन एवं पर्यावरण, खान एवं भूविज्ञान तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री पिंछो नामग्याल लेप्चा द्वारा प्रस्तुत अनुदान मांगें शामिल थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung