home page

भारी बारिश और तूफान से जनधन को भारी नुकसान, पेड़ गिरने से एक महिला की मौत, चार घायल

 | 
भारी बारिश और तूफान से जनधन को भारी नुकसान, पेड़ गिरने से एक महिला की मौत, चार घायल


गंगटोक, 15 मार्च (हि.स.)। रविवार शाम को अचानक आए भारी बारिश और तूफान से सिक्किम राज्य के विभिन्न हिस्सों में जनधन को भारी नुकसान हुआ है। गंगटोक जिले के राक्दोंग में पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गई। इसी तरह छोटा सिंगताम में एक वाहन पर पेड़ गिरने से चार यात्री घायल हो गए।

राज्य में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इस बीच रविवार शाम राज्य के विभिन्न हिस्सों में अचानक तूफान और ओलावृष्टि से संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। गंगटोक जिले के तुमिन लिंगी निर्वाचन क्षेत्र के राक्दोंग कफेर गांव में पेड़ गिरने से 55 वर्षीय महिला कलादेवी छेत्री की मौत हो गई। गंगटोक जिले के जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि एक महिला के सिर पर पेड़ गिरने से उनकी मौत हो गई।

इसी तरह पाकिम थाना क्षेत्र के अंतर्गत छोटा सिंगताम में एक यात्री वाहन पर पेड़ गिरने से चार यात्री घायल हो गए। उन्हें मामूली चोटें आई और अभी उनका मणिपाल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पेड़ से गाड़ी को बहुत नुकसान हुआ है।

जिलाधिकारी ने गंगटोक जिले में अलग-अलग जगहों पर पेड़ गिरने और लोगों के घरों को नुकसान पहुंचने की जानकारी भी साझा की है। रानीपुल से गंगटोक तक नेशनल हाईवे पर अलग-अलग जगहों पर पेड़ गिरे हैं, जिससे गाड़ियों की आवाजाही रुक गई है। इन पेड़ों ने सड़क किनारे गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया है।

बताया जा रहा है कि नांदोक माले गांव में तूफान से चार लोगों के घर की छत उड़ गई। पेड़ गिरकर बिजली के खंभों और तारों से टकराए, जिससे कुछ जगहों पर बिजली सप्लाई पर असर पड़ा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को सहज यातायात सुनिश्चित करने, बिजली सप्लाई बहाल करने और राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung