सांसद सुब्बा ने पीएम मोदी से मुलाकात की, सिक्किम से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सौंपा ज्ञापन
गंगटोक, 30 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम से लोकसभा सांसद डॉ. इंद्र हांग सुब्बा ने गुरुवार काे संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने सिक्किम की जनता तथा मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की ओर से प्रधानमंत्री को हार्दिक शुभकामनाएं एवं सम्मान प्रेषित करते हुए सिक्किम के विकास के लिए एनडीए सरकार द्वारा निरंतर दिए जा रहे सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। यह जानकारी लोकसभा सांसद कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में सिक्किम में हुई दुखद सुरंग दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। सांसद सुब्बा ने राज्य सरकार द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए की गई त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी तथा पीड़ित परिवारों के प्रति प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त संवेदना, सहानुभूति और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस दौरान डॉ. सुब्बा ने सिक्किम से जुड़े लंबे समय से लंबित विकासात्मक एवं रणनीतिक महत्व के विभिन्न मुद्दों पर प्रधानमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में सिक्किम की अनुसूचित जनजाति (एसटी) सूची से वंचित 12 समुदायों को शीघ्र शामिल करने, सिक्किम विधानसभा में अनुसूचित जनजातियों के लिए सीट आरक्षण सुनिश्चित करने तथा लिम्बू और तमांग अनुसूचित जनजातियों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान हेतु जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की समीक्षा करने और परम पावन 17वें कर्मापा की सिक्किम यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया है।
इसके अलावा, उन्होंने तीस्ता घाटी से हटकर राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के समानांतर हर मौसम में उपयोगी वैकल्पिक ग्रीनफील्ड राजमार्ग के निर्माण, पश्चिम सिक्किम में भारत-नेपाल सीमा के साथ रणनीतिक महत्व की सर्व मौसम सड़क तथा सीमा चौकियों (बीओपी) तक सड़क संपर्क विकसित करने, पाक्योंग हवाई अड्डे से नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं बहाल करने, सिक्किम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) अथवा किसी मौजूदा आईआईटी का विस्तार परिसर स्थापित करने तथा हथकरघा, वस्त्र उद्योग और सतत आजीविका को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) की स्थापना की मांग भी उठाई।
सांसद डॉ. सुब्बा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सिक्किम की जनता की इन महत्वपूर्ण आकांक्षाओं पर सकारात्मक विचार किया जाएगा तथा इससे राज्य के समावेशी, रणनीतिक और सतत विकास को नई गति मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

