home page

मुख्यमंत्री तमांग की माता को श्रद्धांजलि अर्पित करने सिक्किम पहुंचे अरुणाचल के सीएम

 | 
मुख्यमंत्री तमांग की माता को श्रद्धांजलि अर्पित करने सिक्किम पहुंचे अरुणाचल के सीएम


सोरेंग, 28 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू सिक्किम पहुंच गए हैं। वह शनिवार सुबह हेलीकॉप्टर से पश्चिम सिक्किम के सोरेंग स्थित दोदक हेलीपैड पर उतरे। मुख्यमंत्री खांडू सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि अर्पित करने यहां पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री खांडू का हेलीपैड पर सिक्किम अनुसूचित जनजाति कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पीके सुब्बा, सिक्किम के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रिनजिंग छेवांग भोटिया, सोरेंग के जिलाधिकारी धीरज सुबेदी तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने स्वागत किया।

हेलीपैड से मुख्यमंत्री खांडू सिंगलिंग स्थित मुख्यमंत्री तमांग के आवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री तमांग ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री खांडू ने मुख्यमंत्री तमांग की माता धनमाया तमांग को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के बीच लंबे समय से घनिष्ठ मित्रता रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री तमांग की माता के निधन पर शोक व्यक्त करने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए खांडू का सिक्किम पहुंचना दोनों नेताओं के बीच आत्मीय संबंधों को भी दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग की माता धनमाया तमांग का गत 25 नवंबर, 2026 को 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार आगामी 30 नवंबर को संपन्न किया जाएगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung