राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने देखा समरदुंग सुरंग हादसा स्थल, सहायता राशि की घोषणा
गंगटोक, 21 जुलाई (हि.स.)। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को दक्षिण सिक्किम के नाम्ची जिले के समरदुंग क्षेत्र का दौरा कर तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति और स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
राज्यपाल ने मौजूदा संवेदनशील स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों और एजेंसियों से राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता के साथ जुटने का आग्रह किया, ताकि प्रभावितों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके। उन्होंने प्रशासन को घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न आने देने तथा सभी प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस कठिन समय में सभी को एकजुट होकर प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा सुरंग के भीतर फंसे लोगों के सुरक्षित बचाव और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मीडिया से बातचीत करते हुए घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4-4 लाख रुपये तथा प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुरंग में फंसे लोगों के सुरक्षित बचाव के लिए राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

