home page

गंगटोक में पहली बार ‘पूर्वोत्तर जनजातीय खाद्य एवं शिल्प महोत्सव 2026’ का शुभारंभ

 | 
गंगटोक में पहली बार ‘पूर्वोत्तर जनजातीय खाद्य एवं शिल्प महोत्सव 2026’ का शुभारंभ


- पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के जनजातीय समुदायों के पारंपरिक खानपान, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन

गंगटोक, 27 नवंबर (हि.स.)। सिक्किम सरकार के सामाजिक कल्याण विभाग के आयोजन में पहली बार तीन दिवसीय ‘पूर्वोत्तर जनजातीय खाद्य एवं शिल्प महोत्सव 2026’ का शुक्रवार गंगटोक स्थित रिज पार्क में उद्घाटन किया गया। 27 से 29 नवंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत के सभी आठ राज्यों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

सामाजिक कल्याण विभाग के अधीन जनजातीय अनुसंधान संस्थान (टीआरआई), सिक्किम द्वारा भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय समुदायों की पारंपरिक खाद्य परंपराओं, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक विरासत और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। इसके माध्यम से पारंपरिक कारीगरों, शिल्पकारों, पारंपरिक व्यंजनों से जुड़े लोगों तथा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक साझा मंच प्रदान करने के साथ-साथ आजीविका के स्थायी अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उद्घाटन समारोह में सामाजिक कल्याण विभाग के आदिम जनजाति कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष छेवांग नर्बू लेप्चा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रमुख, भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के प्रतिनिधि, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय के जनजातीय अनुसंधान संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लेप्चा ने पूर्वोत्तर भारत की पारंपरिक खाद्य संस्कृति, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से सिक्किम में पहली बार इस तरह के महोत्सव के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने जनजातीय परंपराओं, स्वदेशी ज्ञान और पारंपरिक शिल्पकला के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए विभिन्न समुदायों की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

सामाजिक कल्याण विभाग की सचिव सारिका प्रधान ने पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों को एक साझा मंच पर लाकर सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पारस्परिक सीखने का अवसर प्रदान करने को इस महोत्सव की महत्वपूर्ण विशेषता बताया। उन्होंने जनजातीय समुदायों की स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों, पारंपरिक खाद्य संस्कृति, हथकरघा, बांस एवं बेंत के उत्पादों, काष्ठकला और पारंपरिक आभूषणों के संरक्षण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इस पारंपरिक ज्ञान और कौशल का दस्तावेजीकरण कर इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। साथ ही सांस्कृतिक संरक्षण को उद्यमिता और स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ने की जरूरत पर भी बल दिया।

मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने महोत्सव में लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया और पूर्वोत्तर के सहभागी राज्यों के पारंपरिक खाद्य व्यंजनों, हस्तशिल्प तथा स्वदेशी उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung