सिक्किम नगरपालिका चुनाव के लिए 24 अप्रैल को मतदान, 25 अप्रैल को मतगणना
गंगटोक, 23 मार्च (हि.स.)। सिक्किम राज्य चुनाव आयोग ने सोमवार को सिक्किम आम नगरपालिका चुनाव 2026 की घोषणा कर दी है। राज्य के 9 शहरी स्थानीय निकायों में 24 अप्रैल को मतदान और 25 अप्रैल को मतगणना होगी। आयोग के चुनाव घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।
राजधानी गंगटोक के मिडिल सिच्छे स्थित आयोग के कार्यालय में आज आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में मुख्य चुनाव आयुक्त केसी लेप्चा ने सिक्किम सामान्य नगरपालिका चुनाव 2026 घोषणा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 मार्च, नामांकन जांच 1 अप्रैल और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। 24 अप्रैल को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 25 अप्रैल को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी।
सिक्किम सामान्य नगरपालिका चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 93 हजार 697 है, जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 47 हजार 170 और महिला मतदाताओं की संख्या 46 हजार 527 है। सभी 9 शहरी स्थानीय निकायों के 63 वार्डों में मतदान होगा, जिसके लिए 121 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त लेप्चा ने बताया कि पिछले सामान्य नगरपालिका चुनाव की तुलना में इस बार 23 प्रतिशत वार्ड, 36 प्रतिशत मतदान केंद्र और दो जिले बढ़े हैं। इसी तरह मतदाताओं की संख्या 14.5 प्रतिशत बढ़ी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त लेप्चा ने आम नगरपालिका चुनाव 2026 के लिए आयोग पूरी तरह तैयार होने की बात कही। उन्होंने कहा कि आयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चुनाव घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू होने की बात कहते हुए आचार संहिता उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Bishal Gurung

