home page

‘मिर्जापुर: द मूवी’ में गूंजा राजस्थान का ‘शूरवीर’

 | 
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में गूंजा राजस्थान का ‘शूरवीर’


जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। थिएटर में रिलीज हुई ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में राजस्थान में तैयार किया गया ‘शूरवीर’ गाना भी चर्चा में है। ट्रूपर रिकॉर्ड्स के लेबल पर जारी इस गाने को फिल्म में इस्तेमाल करने के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को लाइसेंस दिया गया है। फिल्म में राजस्थान की कहानी से जुड़े एक दृश्य में गाने के करीब 60 सेकंड के हिस्से को पृष्ठभूमि संगीत के तौर पर इस्तेमाल किया गया है, जिसे दर्शकों की सराहना मिल रही है।

ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने ‘शूरवीर’ को 17 जुलाई 2020 को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया था। गाने को अब तक 8.2 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। ट्रूपर रिकॉर्ड्स के फाउंडर हनी ट्रूपर ने बताया कि करीब छह साल पहले गीतकार रजनीश जयपुरी गाने के बोल लेकर उनके पास आए थे। बोल पसंद आने के बाद हनी ट्रूपर और रजनीश जयपुरी ने रैपरिया बालम से गाना कंपोज करवाया और उन्हें ही गाने की जिम्मेदारी दी। इसके बाद गाना ट्रूपर रिकॉर्ड्स लेबल पर आधिकारिक रूप से रिलीज किया गया। हनी ट्रूपर के अनुसार अब ‘शूरवीर’ के उपयोग के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को आधिकारिक लाइसेंस दिया गया है। फिल्म में पूरा गाना नहीं, बल्कि करीब 60 सेकंड का हिस्सा इस्तेमाल किया गया है।

ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि ‘शूरवीर’ को ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में इस्तेमाल करने के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को आधिकारिक लाइसेंस दिए जाने पर लेबल को खुशी है। लेबल ने फिल्म की रिलीज पर एक्सेल एंटरटेनमेंट और ‘मिर्जापुर’ की पूरी टीम को बधाई दी।

फिल्म के क्रेडिट में गाने के मूल क्रिएटर और निर्माता हनी ट्रूपर, गायक एवं संगीतकार रैपरिया बालम, गीतकार रजनीश जयपुरी तथा वितरण साझेदार ड्रूम म्यूजिक को भी श्रेय दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश