home page

हे दुख भंजन मारूति नंदन .. संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरे हनुमत बलबीरा..

 | 
हे दुख भंजन मारूति नंदन .. संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरे हनुमत बलबीरा..


जोधपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। बल, बुद्धि व पराक्रम के देवता हनुमानजी का जन्मोत्सव गुरुवार को पूरे शहर में धूमधाम से श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर राम व हनुमान मंदिरों में सुबह से ही जय बजरंग बली, जय हनुमान के जैकारे गूंजने लग गए। यहां सुंदरकांड का पाठ सहित कई तरह के धार्मिक आयोजन हुए। शहर के सभी हनुमान मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिरों पर आकर्षक रोशनी करने के साथ फूल मंडली की गई।

हनुमान जन्मोत्सव पर आज शहर के सभी हनुमान मंदिरों में सवामणि व सुंदरकांड पाठ के साथ धार्मिक अनुष्ठान किए गए। पाल बालजी मंदिर, पचेटिया हिल स्थित पंचमुखी बालाजी, सिवांची गेट पंचमुखी प्रत्यक्ष महावीर, रोटरी सर्किल बालाजी मंदिर, पांचवी रोड अग्रवाल महावीर बगेची हनुमान मंदिर, पावटा रसाला रोड इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर, इच्छापूर्ण सिद्ध वीर हनुमान मंदिर शॉपिंग सेंटर प्रतापनगर, पुरानी लोको स्थित हनुमान मंदिर, रसाला रोड शेखावत तालाब स्थित हनुमान मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पाल बालाजी मंदिर में सुंदरकांड सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए। मंदिर के पुजारी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद हनुमानजी का पंचामृत से स्नान व विशेष श्रृंगार किया। सुबह 11 बजे सुंदरकाण्ड व सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इसके साथ ही हनुमानजी को 51 सवामणी का भोग लगाया गया व फिर सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया। इस दौरान मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया और आकर्षक रोशनी की।

वहीं ज्वाला विहार स्थित बालाजी मंदिर में सुबह शिखर पर ध्वजा चढ़ाई चढ़ाई गई। माल्यार्पण के बाद भोग अर्पित किया गया। शाम को बालाजी के नाम एक शाम का आयोजन और सुंदरकांड पाठ किया गया। रातानाडा शिव मंदि रोड श्रीराम चौराहा स्थित श्री इच्छापू्र्ण बालाजी मंदिर को आकर्षक फूलमंडली व विशेष रोशनी से सजाया गया और बालाजी की प्रतिमा का अलौकिक श्रृंगार किया।

शाम को सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ व 21 किलो लड्डू का भोग लगाकर संध्या आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। रातानाडा पुरानी लोको स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्री हनुमान मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया।

मंदिर को आकर्षक फूलमंडली व विशेष रोशनी से सजाया और श्री हनुमान व देव प्रतिमाओं का मनोरम श्रृंगार किया गया। पंचमुखी बालाजी मंदिर सिटी पुलिस में सुबह अखंड पाठ प्रारंभ किया गया, जिसका समापन तीन अप्रैल को सुबह नौ बजे पूर्ण आरती के साथ होगा। शास्त्री नगर सेक्टर ए स्थित शनिधाम में श्री हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। चमत्कारी दक्षिण मुखी वीर हनुमान का महाभिषेक, बागा, चोला, पोशाक धारण करवाई गई। शाम को सामूहिक सुन्दरकाण्ड पाठ हुआ।

पृथ्वीराज नगर विकास समिति द्वारा संचालित श्री संकट मोचन बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शाम को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सिवांची गेट सोहमगढ़ स्थित सतगुरु देव भगवान सोहम आश्रम में हनुमान जन्मोत्सव पर सुबह ध्वजारोहण, सोहम बाबा और रामभक्त हनुमान की तस्वीर पर माल्यार्पण और विधिवत पूजा अर्चना के बाद प्रसादी एवं सोहम भजन मंडली द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई।

जागरूक युवा फोर्स समिति की ओर से श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर हनुमान चौक जालप मोहल्ला में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर महाआरती के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन किया गया। चांदपोल गोवर्धन तालाब स्थित श्री हनुमानगढ़ मंदिर में सुबह श्रृंगार, फूलमंडली की गई। शाम को आरती के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इसी प्रकार चांदपोल के बाहर स्थित संकट हरण बालाजी मंदिर में निशुल्क पाठ के 26 वर्ष पूर्ण होने पर आज शाम सुन्दरकाण्ड पाठ के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया।

रसाला रोड शेखावतजी का तालाब स्थित श्री बालाजी मंदिर में मारुति नंदन को चूरमे के लड्डू और रोट का विशेष भोग अर्पित किया गया। साथ ही हर वर्ष की भांति इस बार भी सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। घोड़ों का चौक सोजतियां घाचियों का बास स्थित श्री सिद्ध मनोकामना पूर्ण बालाजी मंदिर में द विजय भारती महाराज के सान्निध्य में संगीतमय रामचरित मानस एवं सुंदरकांड पाठ किया गया। रात्रि आठ बजे बालाजी आरती के पश्चात भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।

झूलेलाल महल चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में भी हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। पंचायत अध्यक्ष प्रभु ठारवानी व महिला मंडल की काजल भूलचंदानी ने बताया कि दोपहर में जन्मोत्सव पंडित कमलेश तिवारी के सानिध्य में मनाया गया। धांधियां गांव में स्थित श्री चारभूजा नाथ मंदिर में पुजारी मोहन दास महाराज व ठाकुर चैन सिंह चंपावत के सानिध्य में हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया।

श्री चारभूजा वैष्णव समाज धांधियां मंडल के अध्यक्ष अमृत दास वैष्णव ने बताया कि समस्त ग्रामवासी सहित वैष्णव समाज बंधुओं ने हनुमान जन्मोत्सव पर बालाजी की प्रतिमा का विधिपूर्वक पूजा अर्चना करके संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया। तत्पश्चात समाजसेवियों का मंदिर मंडली द्वारा स्मृति चिन देकर सम्मान देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी भी कराई गई। हनुमान जन्मोत्सव बालाजी भक्त मंडल द्वारा नरसिंह थडा बालाजी मंदिर में फूल मंडली ओर प्रसादी का आयोजन किया गया।

हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली शोभायात्राएं :

हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर रातानाडा क्षेत्र के पूर्व पार्षद ललित कुमार गहलोत की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा रातानाडा कृष्ण मंदिर से रवाना होकर शिवमन्दिर होते हुए, श्रीराम चौराहे, सती मां मन्दिर, पुलिस लाइन होते हुए सर्किट हाउस के आगे पहुंची।

सर्किट हाउस के आगे शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा की अगुवाई में शोभायात्रा पर पुष्प बरसा कर स्वागत किया गया। इस मौके पर शहर पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पूर्व महापौर कुंती परिहार, नगर निगम में पूर्व प्रतिपक्ष नेता गणपत सिंह चौहान सहित तमाम कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सर्किट हाउस से शोभायात्रा आगे सेना अस्पताल होते हुए शेखाजी तालाब बालाजी मंदिर पहुंची, मन्दिर में पहुंच कर सभी हनुमान भक्तों ने बालाजी के दर्शन लाभ लिए।

पैदल शोभायात्रा में कृष्ण मंदिर के मुख्य पुजारी हरिभाई, कृष्ण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष इन्द्र सिंह सांखला, अशोक गहलोत, प्रकाश भाटी, सीमा सांखला, शारदा चौधरी, सुरेश सरगरा, राजेन्द्र सोलंकी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश