home page

हिस्ट्रीशीटर हाजी अलीम के अवैध कब्जे पर बुलडोजर, पांच करोड़ की सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त

 | 
हिस्ट्रीशीटर हाजी अलीम के अवैध कब्जे पर बुलडोजर, पांच करोड़ की सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त


अजमेर, 04 अगस्त (हि.स.)। अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) और पुलिस ने मंगलवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर एवं पूर्व पार्षद हाजी अलीम के कथित अवैध कब्जे से करीब डेढ़ बीघा सरकारी भूमि को मुक्त कराया। अधिकारियों के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये है।

पुलिस के अनुसार सरकारी भूमि पर मैरिज गार्डन, चारदीवारी तथा अन्य व्यावसायिक निर्माण कर अवैध कब्जा किया गया था। पुलिस की रिपोर्ट और एडीए की जांच के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क और अवैध संपत्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस जांच में कृष्णगंज थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर हाजी अलीम द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध व्यावसायिक निर्माण किए जाने की जानकारी मिलने पर एडीए को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि हाजी अलीम वर्तमान में सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में न्यायिक अभिरक्षा में है।

एडीए के उप आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस से प्राप्त शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में संबंधित भूमि एडीए की स्वामित्व वाली पाई गई तथा उस पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। नियमानुसार नोटिस जारी करने और अन्य सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद मंगलवार को भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़, एडीए के उप आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़, कृष्णगंज थाना प्रभारी अरविंद चारण सहित पुलिस और एडीए का पर्याप्त जाब्ता मौके पर तैनात रहा। बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल