home page

हाइवे पर वाहन की टक्कर से मादा तेंदुए की मौत, एनएच-8 पर मिला शव

 | 
हाइवे पर वाहन की टक्कर से मादा तेंदुए की मौत, एनएच-8 पर मिला शव


राजसमंद, 24 अप्रैल (हि.स.)। राजसमंद जिले के केलवा थाना क्षेत्र में एनएच-8 (गोमती-उदयपुर फोरलेन) पर एक मादा लेपर्ड की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। शुक्रवार को ग्रामीणों ने सड़क किनारे तेंदुए का शव देखा तो वन विभाग की हेल्पलाइन 1926 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

राजसमंद रेंज के रेंजर लादूलाल शर्मा ने टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि केलवा थाना क्षेत्र से करीब 15 से 20 किलोमीटर दूर उदयपुर जाने वाली सड़क के किनारे मादा तेंदुए का शव पड़ा था। वन विभाग ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पिपरड़ा स्थित नर्सरी भिजवाया।

पिपरड़ा नर्सरी में पशु चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। डॉ. जावेद खान पठान, डॉ. संदीप गौतम और डॉ. महेंद्र व्यास ने बताया कि मादा तेंदुए की उम्र करीब 3 से 4 वर्ष थी। जांच में उसके सिर में गहरी चोट पाई गई, जिससे अंदेशा है कि किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की टीम नेहाइवे पर वाहन की टक्कर से मादा तेंदुए की मौत, एनएच-8 पर मिला शव नियमानुसार तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया।

वन विभाग के अनुसार मोखमपुरा क्षेत्र के आसपास कई मार्बल डंपिंग यार्ड हैं, जहां बारिश का पानी जमा हो जाता है। ऐसे स्थानों पर अक्सर वन्यजीव पानी पीने के लिए पहुंचते हैं। आशंका जताई जा रही है कि पानी की तलाश में यह मादा तेंदुआ सड़क पार कर रही होगी, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।

घटना के बाद वन विभाग ने हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों से वन क्षेत्र में सावधानी बरतने और गति नियंत्रित रखने की अपील की है, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता