सांस फूलना और लगातार खांसी हो सकती है सीओपीडी की दस्तक: डॉ. हर्षिल अलवानी
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। सीढ़ियां चढ़ते समय,तेज चलने पर या घर के सामान्य काम करते हुए सांस फूलने की समस्या को अक्सर लोग बढ़ती उम्र या शारीरिक कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। शुरुआत में मामूली लगने वाली यह परेशानी क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) का संकेत भी हो सकती है। यदि सांस फूलने की समस्या धीरे-धीरे बढ़ रही है, बार-बार खांसी आती है या सीने में जकड़न महसूस होती है, तो चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।
नारायणा हॉस्पिटल जयपुर के कंसल्टेंट-पल्मोनोलॉजी डॉ. हर्षिल अलवानी के अनुसार सीओपीडी फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी है। इसमें सांस की नलियों में सूजन और फेफड़ों के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचने के कारण हवा का अंदर लेना और बाहर छोड़ना मुश्किल हो जाता है। बीमारी के लक्षण आमतौर पर धीरे-धीरे बढ़ते हैं। लगातार खांसी, बलगम बनना, सांस लेने में परेशानी, घरघराहट और जल्दी थकान महसूस होना इसके प्रमुख लक्षण हैं।
डॉ. अलवानी ने बताया कि यह आम धारणा है कि सीओपीडी केवल सिगरेट या बीड़ी पीने वालों को होता है, जबकि ऐसा नहीं है। धूम्रपान इसका प्रमुख कारण जरूर है, लेकिन लंबे समय तक वायु प्रदूषण, धूल-मिट्टी, रसोई के धुएं और कार्यस्थल पर रसायनों के संपर्क में रहने से भी इसका खतरा बढ़ सकता है। खासकर खराब वेंटिलेशन वाले स्थानों पर लंबे समय तक खाना पकाने वाले और प्रदूषित वातावरण में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
सीओपीडी की पहचान के लिए चिकित्सक मरीज के लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर स्पाइरोमेट्री जांच की सलाह दे सकते हैं। इस जांच में यह पता लगाया जाता है कि व्यक्ति कितनी हवा अंदर ले सकता है और कितनी तेजी से बाहर छोड़ सकता है। समय पर बीमारी की पहचान होने से इसके लक्षणों को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
डॉ. अलवानी के अनुसार सीओपीडी से फेफड़ों को हुआ नुकसान पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता, लेकिन उचित उपचार से लक्षणों को कम करने और बीमारी को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। चिकित्सक की सलाह के अनुसार इनहेलर, दवाएं, पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन और जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन थेरेपी दी जा सकती है। धूम्रपान छोड़ना, प्रदूषण से बचना, नियमित हल्का व्यायाम करना और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार टीकाकरण कराना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सांस फूलने को सामान्य कमजोरी मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय परामर्श और जांच फेफड़ों की सेहत बनाए रखने तथा जीवन की गुणवत्ता बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

