home page

सरकारी कार्यक्रम में सीडीईओ का राजनीतिक बयान, बोले- ‘अब बीजेपी मतलब भारतीय झालमुड़ी पार्टी’

 | 
सरकारी कार्यक्रम में सीडीईओ का राजनीतिक बयान, बोले- ‘अब बीजेपी मतलब भारतीय झालमुड़ी पार्टी’


राजसमंद, 8 मई (हि. स.)। राजसमंद जिले में सरकारी स्कूल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) रामेश्वरलाल के राजनीतिक बयान का वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में मंच से उन्होंने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों और भाजपा को लेकर टिप्पणी की, जिस पर अब प्रशासनिक कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई है।

मामला खमनोर ब्लॉक स्थित पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल, गावगुड़ा की नई बिल्डिंग के लोकार्पण समारोह का है। गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम दीया कुमारी को भी आमंत्रित किया गया था। उनके पहुंचने से पहले मंच से संबोधित करते हुए सीडीईओ रामेश्वरलाल ने कहा कि बंगाल की विजय हम सभी के लिए गौरवपूर्ण है। अब बीजेपी का मतलब भारतीय झालमुड़ी पार्टी हो गया है। 10 रुपये की झालमुड़ी कमाल कर गई। ममता दीदी का राज सफाया हो गया और बीजेपी का परचम लहरा गया।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ही सनातन धर्म और संस्कृति को आगे बढ़ा रही है तथा आज हिंदुस्तान का डंका दुनिया में बज रहा है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके भाषण का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद जब सीडीईओ रामेश्वरलाल से इस संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनकी मंशा किसी राजनीतिक दल का प्रचार-प्रसार करने की नहीं थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल वर्तमान माहौल और मीडिया में चल रही चर्चाओं का उल्लेख किया था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी पार्टी के पक्ष में वोट डालने की अपील नहीं की और न ही किसी के खिलाफ कोई टिप्पणी की।

विवाद बढ़ने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर ने भी वीडियो की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता