home page

समयपालन में कोटा मंडल का शानदार प्रदर्शन, वित्तीय वर्ष में 11वीं बार 100 प्रतिशत का आंकड़ा

 | 
समयपालन में कोटा मंडल का शानदार प्रदर्शन, वित्तीय वर्ष में 11वीं बार 100 प्रतिशत का आंकड़ा


काेटा, 30 अगस्त (हि.स.)। मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के समयबद्ध संचालन में कोटा मंडल लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में मंडल अब तक 11 दिन शत-प्रतिशत समयपालन दर्ज कर चुका है। इनमें अकेले अगस्त माह के 7 दिन शामिल हैं। 29 अगस्त को 100 प्रतिशत समयपालन के साथ कोटा मंडल भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान पर रहा।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में मई में 04, 05 एवं 27 मई, जून में 29 जून तथा अगस्त में 08, 13, 19, 20, 22, 25 एवं 29 अगस्त को मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का समयपालन 100 प्रतिशत रहा। इस प्रकार 1 अप्रैल से 29 अगस्त तक कुल 11 दिन मंडल ने शत-प्रतिशत समयपालन दर्ज किया। इससे पूर्व मार्च 2026 में भी 07, 12, 19 एवं 29 मार्च को चार दिन 100 प्रतिशत समयपालन दर्ज किया गया था।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में ट्रेनों की अग्रिम परिचालन योजना, विलंब की सतत निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा त्वरित परिचालन निर्णयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों से यात्रियों को समयबद्ध एवं विश्वसनीय रेल सेवा का लाभ मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव