home page

सड़क दुर्घटना में चेहरे पर 14 फ्रैक्चर झेलने वाले युवक की सफल मैक्सिलोफेशियल सर्जरी

 | 
सड़क दुर्घटना में चेहरे पर 14 फ्रैक्चर झेलने वाले युवक की सफल मैक्सिलोफेशियल सर्जरी


अजमेर, 15 जून(हि.स.)। नागौर जिले के कुचामन-मकराना मार्ग पर दो माह पूर्व हुई एक गंभीर सड़क दुर्घटना में चेहरे पर 14 फ्रैक्चर और अनेक गंभीर चोटों से पीड़ित युवक का अजमेर स्थित मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में सफल उपचार किया गया। हॉस्पिटल के डॉ अभिरूप चटर्जी ने जटिल मैक्सिलोफेशियल सर्जरी के माध्यम से युवक के चेहरे और जबड़े की संरचना को पुनः सामान्य स्वरूप देने में सफलता प्राप्त की।

मित्तल हॉस्पिटल के मैक्सिलोफेशियल सर्जन डॉ. अभिरूप चटर्जी ने बताया कि दुर्घटना के कारण युवक के चेहरे की कई हड्डियां टूट गई थीं तथा जबड़ा सामान्य रूप से बंद नहीं हो पा रहा था। उपचार के दौरान उसके जबड़े और चेहरे की हड्डियों को स्थिर करने के लिए लगभग आठ टाइटेनियम प्लेटें लगाई गईं। विशेष बात यह रही कि अधिकांश प्लेटें मुंह के भीतर से डाली गईं, जिससे चेहरे पर बाहरी चीरे या स्थायी निशान से बचा जा सका।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना में आगे के चार दांत टूटकर मुंह के भीतर चले गए थे। उनके साथ पूरी चिकित्सकीय टीम ने उन्हें सुरक्षित निकालकर पुनः उनकी स्थिति में स्थापित किया। वर्तमान में युवक सामान्य रूप से भोजन कर पा रहा है और उसकी स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। आगे सामने के दांतों के स्थायी पुनर्स्थापन तथा कुछ शेष निशानों के उपचार की प्रक्रिया भी की जाएगी।

युवक के पिता, जो पेशे से मार्बल मूर्तिकार हैं, ने बताया कि दुर्घटना के बाद बच्चे की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। चेहरे, नाक, होंठ, सिर और जबड़े पर गंभीर चोटें थीं तथा पैर भी फ्रैक्चर हो गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे अजमेर रेफर किया गया, जहां मित्तल हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। युवक लगभग 25 दिन तक आईसीयू में भर्ती रहा।

डॉ. चटर्जी ने कहा कि किसी भी दुर्घटना में चेहरे, जबड़े, दांत, सिर, आंख, कान, नाक तथा गर्दन की चोटों के लिए बहु-विषयक चिकित्सा विशेषज्ञों की आवश्यकता होती है। मित्तल हॉस्पिटल में मैक्सिलोफेशियल सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, ईएनटी, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजी और एनेस्थिसियोलॉजी सहित सभी प्रमुख सुपरस्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हैं, जिससे गंभीर दुर्घटना पीड़ितों का समग्र उपचार एक ही स्थान पर संभव हो पाता है।

उन्होंने कहा कि चेहरा व्यक्ति की पहचान होता है, साथ ही साथ वह भोजन करने और बोलने के लिए सर्वाधिक महत्व रखता है। इसलिए ऐसी सर्जरी में चिकित्सा सफलता के साथ-साथ सौंदर्यात्मक परिणामों का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार मिल जाता है। किसी भी हादसे के शिकार मरीजों को गंभीर और जटिल उपचार के लिए अजमेर से बाहर जाने की जरूरत नहीं होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष