संस्कृत दिवस और रक्षाबंधन पर राज्यपाल बागडे ने दी शुभकामनाएं
जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने संस्कृत दिवस और रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने संस्कृत दिवस पर संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं प्रसार का आह्वान करते हुए कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि देश की गौरवमयी संस्कृति है। इसमें ज्ञान परंपरा के साथ विज्ञान का भी अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।
राज्यपाल ने कहा कि संस्कृत हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण आधार है। इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
रक्षाबंधन पर राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, स्नेह, कर्तव्य और दायित्वबोध का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राखी के पवित्र धागे की तरह प्रेम और विश्वास के बंधन में पूरे समाज को जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

