home page

शहीद स्मारक पर प्रदर्शन की सीजेपी को मिली अनुमति, युवाओं के मुद्दों पर होगा आंदोलन

 | 
शहीद स्मारक पर प्रदर्शन की सीजेपी को मिली अनुमति, युवाओं के मुद्दों पर होगा आंदोलन


जयपुर, 14 जून (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को जयपुर के शहीद स्मारक पर विरोध-प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। इससे पहले कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था, लेकिन रविवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुई बैठक के बाद पार्टी को सोमवार दोपहर तीन बजे से प्रदर्शन की अनुमति प्रदान कर दी गई।

सीजेपी की ओर से यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर होगा।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि आंदोलन का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ संवाद के बाद प्रदर्शन की अनुमति प्राप्त हुई है। रविवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी साउथ और पार्टी प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक हुई। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने निर्धारित शर्तों के साथ प्रदर्शन की अनुमति जारी कर दी।

इससे पूर्व पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) कार्यालय ने कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इस पर सीजेपी राजस्थान इकाई के मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन बिट्टू ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि पार्टी ने देश के कई शहरों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए हैं और कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई।

सीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से बड़ी संख्या में शहीद स्मारक पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।

प्रदर्शन में अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, शिक्षाविद् सोनम वांगचुक, संजय रामकिशन, कार्यक्रम संयोजक दीपक बालियान, रेखा शर्मा, रोशन मुंडोतिया और गीगराज जोड़ली सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, बेरोजगार युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कार्यक्रम संयोजक दीपक बालियान ने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहेगा तथा पार्टी प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों और शर्तों का पालन करेगी। उन्होंने प्रदेशभर के युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश