home page

शहरों के बाद अब पंचायतों में भी भाजपा को जनता देगी जवाब: डोटासरा

 | 
शहरों के बाद अब पंचायतों में भी भाजपा को जनता देगी जवाब: डोटासरा


जयपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने निकाय चुनाव परिणामों को भाजपा सरकार के ढाई साल के कामकाज का आईना बताते हुए दावा किया कि भाजपा की कांग्रेस पर बढ़त एक प्रतिशत से भी कम रह गई है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता में डोटासरा ने कहा कि 2014-16 में भाजपा सरकार के दौरान भाजपा का वोट शेयर कांग्रेस से 8.12 प्रतिशत अधिक था, जबकि 2019-21 में कांग्रेस सरकार के समय कांग्रेस की भाजपा पर बढ़त 2.2 प्रतिशत थी। इस बार भाजपा की बढ़त एक प्रतिशत से भी कम रह गई।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने नियम विरुद्ध और मनमाना परिसीमन कराया। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन को अलग रखकर देखा जाए तो कांग्रेस भाजपा से करीब 1500 वार्ड अधिक जीतती। उनके अनुसार 4097 भाजपा विजयी वार्डों में 1316 में जीत का अंतर 100 से कम और 772 में 50 से कम वोट रहा। 13 वार्ड भाजपा ने महज एक वोट से जीते। कांग्रेस ने 1316 वार्डों में पुनर्मतगणना की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी 200-300 वोटों से आगे होने वाले कुछ वार्डों के परिणाम भी रोके गए।

डोटासरा ने कहा कि 2023 विधानसभा चुनाव में 188 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का वोट शेयर 42.41 प्रतिशत था, जो लोकसभा चुनाव में 50.14 प्रतिशत हुआ, लेकिन निकाय चुनाव में घटकर 35.3 प्रतिशत रह गया। एससी आरक्षित वार्डों में कांग्रेस ने 542 और भाजपा ने 350 वार्ड जीते। एससी महिला वार्डों में कांग्रेस 261 और भाजपा 186 तथा एसटी महिला वार्डों में कांग्रेस 53 और भाजपा 39 वार्ड जीती। उन्होंने इसे भाजपा के संविधान और आरक्षण विरोधी रवैये का जवाब बताया।

डोटासरा ने कहा कि अजमेर के 80 में कांग्रेस 37 और भाजपा 32 वार्ड जीती। पाली में कांग्रेस 29 और भाजपा 21 वार्ड पर रही। बीकानेर में कांग्रेस ने 80 में से 42 वार्ड जीतकर बोर्ड बनाने का दावा मजबूत किया। जोधपुर में कांग्रेस ने 45 और भाजपा ने 44 वार्ड जीते, जबकि वोट शेयर क्रमश: 42.7 और 39.8 प्रतिशत रहा।

उन्होंने कहा कि जयपुर में कांग्रेस को भाजपा से 10 हजार से अधिक वोट मिले, लेकिन वार्ड भाजपा ने अधिक जीते। जयपुर के वार्ड 31 में 13,499 और वार्ड 135 में 32,272 मतदाता होने का उदाहरण देते हुए उन्होंने परिसीमन में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया। सांगानेर में कांग्रेस का वोट शेयर 38.8 और भाजपा का 35.9 प्रतिशत बताया। भरतपुर में भाजपा केवल 20 वार्ड जीत सकी। झालावाड़ के आठ निकायों में पांच में भाजपा के सफाए और कांग्रेस के वोट शेयर में 4.9 प्रतिशत बढ़त का दावा किया।

डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के रोड शो वाले पाली के वार्ड 31, 32 और 34 में भाजपा हार गई। मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। भाजपा मंत्री ओटाराम देवासी, गौतम दत्त, विजय सिंह और डॉ. मंजू बाघमार के क्षेत्रों में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि शेखावाटी, सीकर, झुंझुनूं, बीकानेर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित कई क्षेत्रों में कांग्रेस का दबदबा कायम रहा।

उन्होंने कांग्रेस की बड़ी जीत के उदाहरण देते हुए कहा कि जयपुर वार्ड 126 में कांग्रेस 7153, वार्ड 125 में 6704, वार्ड 129 में 5355 और वार्ड 116 में 5310 वोटों से जीती। कोटा वार्ड 13 में 3807 और बीकानेर वार्ड 55 में 2957 वोटों का अंतर रहा।

डोटासरा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 10 नगर निगमों में रोड शो किए, लेकिन भाजपा को केवल चार में बहुमत मिला। उन्होंने दावा किया कि ढाई साल के शासन में जनता के हित में पर्याप्त काम नहीं हुआ, जिसका जवाब निकाय चुनाव में मिला है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा की बड़ी हार का दावा करते हुए कहा कि शहरी निकायों के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा सरकार की कथित नाकामियों का जवाब जनता देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश