home page

विद्यालयों में जगे गुरुकुल का भाव, भारत माता की आराधना के लिए हो हमारा जीवन लक्ष्य -निंबाराम

 | 
विद्यालयों में जगे गुरुकुल का भाव, भारत माता की आराधना के लिए हो हमारा जीवन लक्ष्य -निंबाराम


चित्तौड़गढ़, 08 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) चित्तौड़गढ़ के नवीन जिला कार्यालय भवन मां भारती शिक्षक सदन चित्तौड़गढ़ का लोकार्पण अनंतरामजी महाराज ने मौली बंधन खोल कर किया। नवीन भवन लोकार्पण कार्यक्रम का प्रारंभ बुधवार को रात्रि में संगीतमय सुंदरकांड पाठ से हुआ। इसके पश्चात् गुरुवार को वैदिक विधि से मंत्रोच्चार के साथ मंगल गृह प्रवेश के बाद लोकार्पण समारोह कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

समारोह में मुख्य वक्ता एवं अखिल भारतीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने कहा कि सर्वविदित है कि प्रलय और निर्माण शिक्षक की गोद में पलते हैं। समाज का दिशा दर्शन करना शिक्षक का कार्य है। आवश्यकता होने पर समाज को संगठित कर आचार्य चाणक्य ने शस्त्र की शिक्षा देकर राष्ट्र रक्षा की। आज समूचे विश्व में सनातन की चर्चा हो रही है। शिक्षक हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों की ओर ले जाने वाला है। हर विद्यार्थी को लगे हमें सरकारी विद्यालय में जाना है, हम इसका केंद्र बने।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निंबाराम ने कहा कि विचारधारा और कार्य पद्धति हमारी पहचान है। समाज को बड़ा करने की भूमिका शिक्षक की होनी चाहिए। हमारा मूल काम व्यक्ति निर्माण का है। हम सभी को भारत माता की आराधना के लिए जीवन लक्ष्य बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जहां से छोड़ कर गए, डॉ हेडगेवार ने वहीं से कार्य शुरू किया, यही संघ का मूल कार्य है। शासकीय विद्यालयों में गुरुकुल का भाव जगे ये शिक्षक की जिम्मेदारी है। संघ कार्य में हमारा कोई विरोधी नहीं है। हम सबको साथ लेकर चल सकते हैं। देश एक विचार को लेकर स्थायित्व की ओर बढ़ रहा है। विशिष्ट अतिथि चित्तौड़गढ़ विधायक चंंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों का हमेशा महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ अखिल भारतीय स्तर पर राष्ट्र हित में कार्य करने वाला संगठन है। आज राष्ट्र विरोधी कई तत्वों के विमर्श के बीच महासंघ के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी ओर ज्यादा हो गई है। इस अवसर पर संगठन के सभी खंड कार्यकारिणी सदस्य और शिक्षक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल