home page

रेलवे अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन

 | 
रेलवे अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन


जोधपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉइज यूनियन (एनडब्ल्यूआरईयू) द्वारा रेलवे अस्पताल के बाहर ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स फेडरेशन के बैनर तले रेलवे अस्पताल की अव्यवस्थाओं के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने अस्पताल प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में सुनील टाक, मोहसीन ख़ान सेवानिवृत्त कर्मचारी अनोप सिंह पंवार, एलके मिश्रा, हरी सिंह, मोतीलाल, भंवरलाल चौधरी एवं महावीर सिंह ने रेलवे अस्पताल की वर्तमान कार्यप्रणाली पर चिंता व्यक्त करते हुए अस्पताल में व्याप्त समस्याओं को विस्तार से रखा तथा समय रहते उनका समाधान करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का संचालन परमानन्द गुर्जर ने किया। यूनियन के जोनल अध्यक्ष एवं मण्डल सचिव मनोज कुमार परिहार ने कहा कि रेलवे अस्पताल की मनमानी एवं लापरवाह कार्यप्रणाली किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाते हुए धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।

उन्होंने अस्पताल में निम्न गुणवत्ता की दवाइयों की आपूर्ति पर रोक लगाने, वरिष्ठ नागरिकों को लंबी कतारों से राहत देने, आधुनिक मशीनों से सभी आवश्यक जांचों की सुविधा उपलब्ध कराने, लंबे समय से रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद भरने, लोकल परचेज की दवाइयों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, रेफर के मामलों में अनावश्यक विलम्ब समाप्त करने तथा रेफर किए गए अस्पतालों द्वारा लिखी गई दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन पास व्यवस्था से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु उच्च स्तर पर प्रभावी पहल का विश्वास दिलाया तथा आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों पर भी जानकारी दी। प्रदर्शन में मण्डल अध्यक्ष महेन्द्र व्यास, सेवानिवृत्त प्रकोष्ठ के सचिव हनुमानदास वैष्णव एवं अध्यक्ष गजे सिंह, मदनलाल बैरवा, बन्ने सिंह पंवार, अशोक सिंह मेड़तिया, विक्रम सिंह मांगलिया, विक्रम सिंह गौड़, सूर्यकान्त पाण्डेय, कालूराम सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं यूनियन पदाधिकारियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश