राष्ट्रीय विकास के लिए घरेलू निर्माण बढ़ाना जरूरी: शेखावत
फुजीफिल्म इंडिया की जोधपुर में एंडोस्कोपी मैन्युफैक्चरिंग शुरू, मेक इन इंडिया को मिलेगा बल
जोधपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। एडवांस डायग्नोस्टिक इमेजिंग सॉल्यूशन के लिए फुजीफिल्म इंडिया ने आज जोधपुर में एंडोस्कोपी मैन्यूफेक्चरिंग यूनिट के उद्घाटन की घोषणा की। इससे भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ को बल मिलेगा।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत थे, जबकि चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हम स्वास्थ्य, तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन जैसे क्षेत्रों में देश के भीतर विश्वस्तरीय क्षमता विकसित करेंगे। अमृत काल में मेडिकल डिवाइस जैसे हाई-प्रिसिजन सेक्टर में घरेलू निर्माण बढ़ाना राष्ट्रीय विकास के लिए जरूरी है। इससे मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और भारत एक विश्वसनीय वैश्विक केंद्र के रूप में उभरेगा।
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि विकसित राजस्थान 2047 का लक्ष्य रोजगार बढ़ाना, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करना और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना है। जोधपुर में एंडोस्कोपी निर्माण यूनिट शुरू होना इस बात का संकेत है कि राजस्थान का औद्योगिक माहौल निवेश के लिए अनुकूल है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और दीर्घकालिक औद्योगिक क्षमता विकसित होगी।
इस अवसर पर फुजीफिल्म एशिया पेसिफिक प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर हरुतो इवाटा तथा कोजी वाड सहित स्वास्थ्य क्षेत्र एवं सरकारी संस्थानों के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

