राज्यमंत्री ने किया 9वीं की छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण
सिरोही, 13 मार्च (हि.स.)। ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सिरोही के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9वीं की बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना से दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाली बालिकाओं को विद्यालय तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी और बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक बालिकाएं शिक्षा से जुड़ें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में साइकिल मिलने पर उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा अभिभावक भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

