राज्य हैंडबॉल रेफरी क्लिनिक समारोह में 98 प्रतिभागियों को मिला प्रशिक्षण व प्रमाण-पत्र
जयपुर, 22 जून (हि.स.)। राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में उदयपुर में आयोजित पांच दिवसीय राजस्थान राज्य हैंडबॉल रेफरी क्लिनिक का समारोहपूर्वक समापन हुआ। क्लिनिक में प्रदेशभर से 98 प्रतिभागियों ने भाग लेकर रेफरिंग के आधुनिक नियमों और तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया के महासचिव डॉ. तेजराज सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष ललित कुमार कलाल ने की। संघ के संरक्षक महेंद्र कुमार शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
फैकल्टी इंचार्ज अनूप कसवां एवं सहायक इंचार्ज तेजवीर सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों को पांच दिनों तक शारीरिक, सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद मूल्यांकन कर प्रतिभागियों को ग्रेड प्रदान किए गए।
मूल्यांकन में भूपेंद्र पाल सिंह (पाली) और सुशीला (राजसमंद) को ‘ए’ ग्रेड दिया गया। वहीं उदाराम मेघवाल, शोभा, ओमप्रकाश गुर्जर, आनंद सिंह बिट्टू, गीता स्वामी, रामकुंवार बाजिया, पवन राजोरिया, दिनेश गुर्जर, गोविंद कुमार, जयदेव बिट्टू, मणिराज बिट्टू, रवि पारीक, रुद्रप्रताप सिंह, संजय सिंह बिट्टू और विनिता मेनारिया सहित 15 प्रतिभागियों को ‘बी’ ग्रेड प्रदान किया गया। शेष 81 प्रतिभागियों को ‘सी’ ग्रेड के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि डॉ. तेजराज सिंह ने कहा कि राजस्थान में हैंडबॉल रेफरिंग के स्तर को अंतरराष्ट्रीय मानकों तक पहुंचाने में यह क्लिनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए खेल के प्रति समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।
अध्यक्ष ललित कुमार कलाल ने कहा कि राज्य में योग्य और प्रशिक्षित रेफरियों की नई पीढ़ी तैयार करने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

