राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए 8 उम्मीदवार मैदान में
जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर के अध्यक्ष पद के उपचुनाव में कुल 8 उम्मीदवार चुनाव मैदान में बने हुए हैं। इस पद के लिए 27 नवंबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
चुनाव अधिकारियों की ओर से इस संबंध में एक प्रेस नोट जारी किया गया है, जिसमें बताया कि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया। यानी अध्यक्ष पद के उपचुनाव में 8 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा। अध्यक्ष पद के लिए अनिल गौड़, गोकुलेश बोहरा, कुलदीप सिंह राठौड़, एमआर डेलू, महेंद्र पुरी गोस्वामी, मनीष पुरोहित, पुष्पेंद्र सिंह चौहान और सुरेंद्र सिंह राठौड़ मैदान में है। मुख्य चुनाव अधिकारी अर्जुनराम चौधरी और चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा व मालमसिंह जैतावत ने मतदान कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 27 नवंबर को मतदान होगा। वोटिंग सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान पूरा होने के बाद इसी दिन मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए हाईकोर्ट परिसर और हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर में प्रचार को लेकर कुछ नियम तय किए गए हैं। प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को इनका पालन करना होगा। हाईकोर्ट परिसर और हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर में किसी भी प्रत्याशी के पक्ष या विरोध में पोस्टर, होर्डिंग या बैनर नहीं लगाए जा सकेंगे। चुनाव प्रचार पूरी तरह पेपरलेस रहेगा। मतदान के दिन हाईकोर्ट परिसर, हेरिटेज हाईकोर्ट परिसर या बूथ परिसर में किसी भी तरह की चुनाव प्रचार सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। मतदान के दिन किसी भी प्रत्याशी के पक्ष या विरोध में नारेबाजी नहीं की जाएगी। मतदान के लिए बार काउंसिल ऑफ राजस्थान या राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन की ओर से जारी परिचय पत्र अनिवार्य होगा। मतदान के दिन अधिवक्ताओं के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति को पूरे न्यायालय परिसर में किसी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने की अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्र से 100 मीटर की परिधि में प्रत्याशी और उनके समर्थक किसी भी तरह का चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे।
गौरतलब है कि एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी के बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) के चुनाव में निर्वाचित होने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव में निर्वाचित होने के बाद लागू एक व्यक्ति-एक पद के नियम के चलते उन्होंने यह निर्णय लिया। जोशी अब बार काउंसिल के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभाएंगे। उनका इस्तीफा मंजूर होने के बाद अब अध्यक्ष पद पर उपचुनाव करवाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

