home page

राजस्थान में बेमौसम बारिश का दौर जारी, आज 7 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

 | 
राजस्थान में बेमौसम बारिश का दौर जारी, आज 7 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट


जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। अरब सागर से आ रही नमी के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के जिलों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश के सात जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बदलते मौसम का असर तापमान पर भी दिखाई देने लगा है और कई इलाकों में सुबह-शाम ठंडक बढ़ गई है।

सवाई माधोपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों में पानी बहने लगा है। खंडार क्षेत्र में बरसाती नदियों और नालों में पानी की आवक ने मानसून जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। सवाई माधोपुर के अलावा राजसमंद, सिरोही, पाली और टोंक के कुछ इलाकों में भी बादलों की आवाजाही बनी रही। बारिश और बादलों के कारण इन क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में गिरावट के साथ मौसम में ठंडक महसूस की जा रही है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अरब सागर से लगातार आ रही हवाओं के साथ प्रदेश में नमी पहुंच रही है। इसी वजह से कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां हो रही हैं। कुछ स्थानों पर आंधी और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। मौसम का यह मिजाज फिलहाल जारी रहने के आसार हैं।

प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश और ठंडक के बीच पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में तापमान बढ़ा है। बाड़मेर, पिलानी, हनुमानगढ़, जैसलमेर और चूरू में सोमवार को अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। बाड़मेर 38.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश के गर्म इलाकों में सबसे आगे रहा।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित