राजस्थान में चार दिन और बरसेगा मानसून, जयपुर समेत कई शहरों में झमाझम बारिश
जयपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। जयपुर सहित प्रदेश के एक दर्जन से अधिक शहरों में बुधवार को अच्छी बारिश हुई। मानसून की यह सक्रियता अगले चार दिनों तक जारी रहने की संभावना है। जयपुर में बुधवार को एक इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई सड़कों पर जलभराव हो गया और यातायात प्रभावित रहा। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार दोपहर जयपुर में तेज बारिश हुई। वहीं धौलपुर के राजाखेड़ा में बारिश के बाद बाजार सहित निचले इलाकों में पानी भर गया। प्रतापगढ़ में भी दोपहर बाद मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने 30 और 31 जुलाई को उदयपुर तथा कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना गहरा अवदाब कमजोर होकर सामान्य अवदाब में परिवर्तित हो गया है। वर्तमान में यह उत्तरी ओडिशा, दक्षिणी झारखंड तथा आसपास के छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर स्थित है और अगले 24 घंटों में इसके धीरे-धीरे पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस मौसम तंत्र के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में टोंक, डीग, धौलपुर, झालावाड़ और नागौर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 117 मिमी बारिश टोंक जिले के मालपुरा में रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अगले पांच से छह दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग सहित आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी 30 जुलाई से वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। जोधपुर संभाग के दक्षिणी भागों में 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

