राजस्थान में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान, 1.04 करोड़ से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
जयपुर, 27 जून (हि.स.)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून से 30 जून तक प्रदेश में 1.04 करोड़ से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के प्रथम दिन जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को बूथों पर दवा पिलाई जाएगी, जबकि अगले दो दिनों में घर-घर जाकर टीमों द्वारा बच्चों को खुराक दी जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इससे वंचित न रहे।
खींवसर ने बताया कि पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के लिए प्रदेशभर में 59 हजार 217 बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के लिए 75 हजार 232 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 7,011 ट्रांजिट टीम और 9,004 मोबाइल टीम शामिल हैं। अभियान में 1.38 लाख से अधिक स्वास्थ्यकर्मी एवं विभिन्न विभागों के कार्मिक भाग लेंगे।
प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गायत्री राठौड़ ने बताया कि अभियान के पहले दिन शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को बूथों पर लाकर पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य आवागमन स्थलों पर आने-जाने वाले बच्चों को भी दवा पिलाएंगी। अभियान के दौरान घुमंतू जनजातियों के डेरे, ईंट-भट्टों पर कार्यरत मजदूरों के बच्चों तथा दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आयुर्वेद विभाग, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा अन्य विभागों के सहयोग से वैक्सीनेटर एवं मॉनिटर नियुक्त किए गए हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे।
उल्लेखनीय है कि भारत में वर्ष 1995 में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई थी। जनवरी 2011 के बाद पिछले 15 वर्षों में देश में पोलियो का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। 27 मार्च 2014 को भारत को पोलियो मुक्त देश का प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ था। वर्ष 2026 में अब तक पाकिस्तान में तीन तथा अफगानिस्तान में चार पोलियो के मामले दर्ज किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

