राजस्थान में 15 दिवसीय विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान होगा शुरू
जयपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने और दुपहिया वाहन दुर्घटनाओं में होने वाली अकाल मौतों को रोकने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस 2 जुलाई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय राज्यव्यापी “विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान” शुरू करने जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में वर्ष 2030 तक चरणबद्ध तरीके से 50 प्रतिशत तक कमी लाना है।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में संचालित किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी. एल. मीणा द्वारा जारी आदेशों के तहत सभी पुलिस आयुक्तों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि राज्य सड़क सुरक्षा रणनीति एवं कार्ययोजना के तहत यह अभियान विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा, जहां दुपहिया वाहन चालक और सहयात्री अक्सर हेलमेट का उपयोग नहीं करते हैं। अधिकारियों के अनुसार हेलमेट की अनदेखी के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से मृत्यु एवं स्थायी विकलांगता के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान पुलिस अकेले नहीं बल्कि परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां चलाएगी।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, कॉलेजों, प्रमुख बाजारों, ग्रामीण हाटों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, रैली, सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम तथा प्रचार वाहनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया और जनअभियानों के जरिए “बिना हेलमेट नहीं सफर—चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य” तथा “आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन” जैसे संदेशों का व्यापक प्रसार किया जाएगा।
यह अभियान केवल हेलमेट तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालक और सहयात्री,तेज गति से वाहन चलाने वाले
राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग और राष्ट्रीय राजमार्गों (6 लेन/एक्सप्रेस वे) पर लेन सिस्टम का उल्लंघन प्रमुख बिंदुओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजस्थान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं हेलमेट पहनें, अपने परिवार और सहयात्रियों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित राजस्थान के निर्माण में भागीदार बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

