राजस्थान पुलिस के विशेष चेकिंग अभियान में 1.02 लाख वाहनों पर कार्रवाई
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। राजस्थान में सड़क परिवहन को सुगम, सुरक्षित और नियमबद्ध बनाने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष चेकिंग अभियान प्रदेशभर में सख्ती के साथ जारी है। अभियान का संचालन महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों में तथा अनिल पालीवाल (डीजी ट्रैफिक) और एडीजी ट्रैफिक डॉ. बी.एल. मीणा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
डीजी ट्रैफिक ने बताया कि 4 जून से 15 जून 2026 के बीच मात्र 12 दिनों में कुल 1,02,878 वाहनों के खिलाफ चालान और जब्ती की कार्रवाई की गई। अभियान में ब्लैक फिल्म, अवैध नंबर प्लेट, अनाधिकृत सायरन-हूटर, प्रेशर हॉर्न तथा वाहन संरचना में अवैध बदलाव जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की गई।
आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 39,417 मामलों में ब्लैक फिल्म हटाने की कार्रवाई हुई। इसके अलावा 26,545 मामले अवैध नंबर प्लेट, 14,119 अनाधिकृत लेखन, 9,870 वाहन मॉडिफिकेशन, 7,428 लाल-नीली बत्ती व फ्लैशर तथा 5,499 प्रेशर हॉर्न के दर्ज किए गए।
15 जून को अकेले 7,208 वाहनों पर कार्रवाई हुई। इसमें जयपुर पश्चिम में सर्वाधिक 470 मामले दर्ज किए गए, जबकि धौलपुर (321), जयपुर यातायात (308), चित्तौड़गढ़ (303), जयपुर ग्रामीण (284) और बारां (271) में भी बड़ी संख्या में चालान हुए। ब्लैक फिल्म हटाने की सर्वाधिक कार्रवाई जयपुर यातायात में दर्ज की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अवैध वाहन मॉडिफिकेशन से बचें। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

