राजस्थान के पश्चिमी जिलों में हीटवेव तेज, कई इलाकों में आंधी-बारिश, बूंदी में अंधड़ से एक की मौत
जयपुर, 09 मई (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही प्रदेश में गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार से पश्चिमी राजस्थान के जिलों में हीटवेव का दौर शुरू हो गया, जिससे जैसलमेर, बाड़मेर और फलोदी जैसे इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने शनिवार को जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह से ही आसमान खुला रहा। दिन चढ़ने के साथ सही सूर्य देव का ताप जन जीवन को प्रभावित करने लगा।
फलोदी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर में 44.6 और जैसलमेर में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा जोधपुर में 42.9, कोटा और बीकानेर में 42, उदयपुर में 41.6, भीलवाड़ा में 41.4 तथा चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।
प्रदेश के कई जिलों में गर्मी के बीच मौसम ने करवट भी ली। नागौर, अजमेर, टोंक, बूंदी और सवाई माधोपुर में दोपहर बाद धूलभरी आंधी चली, बादल छाए और हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिली। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, करौली और अलवर क्षेत्रों में भी आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बूंदी जिले के देई कस्बे में शुक्रवार शाम आए तेज अंधड़ ने दर्दनाक हादसा कर दिया। कोली मोहल्ला निवासी 55 वर्षीय केसरीलाल महावर तेज हवा में मकान की दूसरी मंजिल पर टिनशेड संभालने गए थे, तभी बवंडर उन्हें टिनशेड सहित करीब 80 फीट दूर उड़ा ले गया। मोबाइल टावर से टकराकर नीचे गिरने से उनकी मौत हो गई।
राजधानी जयपुर में तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आई और अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अजमेर में दिनभर गर्मी के बाद शाम को बूंदाबांदी से राहत मिली।
उदयपुर, कोटा और जोधपुर में गर्मी और लू का असर लगातार बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और लू का असर और बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी जिलों में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

