home page

रसद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 46 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

 | 
रसद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 46 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त


बीकानेर, 16 मार्च (हि.स.)। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग की रोकथाम के लिए जिला रसद विभाग द्वारा रविवार देर रात भी सघन प्रवर्तन कार्रवाई जारी रही। जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा सर्वोदय बस्ती पहुंचे। मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध बाड़े का गेट खोलकर जांच की गई, जहां से 38 घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफिलिंग मोटर तथा तोलन कांटा बरामद किया गया। मौके पर पुलिस थाना मुक्ता प्रसाद के थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर के निर्देशन में घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग की रोकथाम के लिए प्रवर्तन दल द्वारा लगातार देर रात तक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रात्रि के समय कलेक्ट्रेट के पीछे चाट, बर्गर, पावभाजी आदि की स्टालों तथा ढोला मारू के सामने संचालित चाट स्टालों पर घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पाए जाने पर विशेष गठित प्रवर्तन दल द्वारा मौके पर ही कार्रवाई की गई और 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि जिले में गैस वितरकों के पास घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा बुकिंग के दो दिन के भीतर रिफिल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि घबराने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि गैस वितरकों की बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था पर दिन के समय निगरानी रखी जा रही है, वहीं रात के समय घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर सतत निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव