home page

मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन सतर्क: विभिन्न विभागों को दिए आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश

 | 
मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन सतर्क: विभिन्न विभागों को दिए आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश


जयपुर, 24 जून (हि.स.)। मोहर्रम पर्व के अवसर पर जयपुर शहर में शांति, कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुविधा बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जयपुर संदेश नायक ने संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

जिला कलक्टर जयपुर संदेश नायक ने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजियों के जुलूस मार्गों पर सुरक्षा, यातायात एवं कानून व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए जाएंगे। पुलिस विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सतत निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात पुलिस को जुलूस मार्गों पर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मार्गों पर खड़े लावारिस अथवा बाधक वाहनों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जयपुर नगर निगम एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को ताजिया मार्गों पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पेड़ों की छंटाई तथा आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आदेशों के अनुसार जुलूस मार्गों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता एवं अन्य नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर आने वाली विद्युत लाइनों को ऊंचा करवाने तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष दल तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, एम्बुलेंस, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ सहित चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मोहर्रम पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश