home page

मारवाड़ी सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी से की मुलाकात

 | 
मारवाड़ी सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी से की मुलाकात


जयपुर, 14 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन, राजस्थान (आईएमएफ) के अध्यक्ष एवं राजस्थान फाउंडेशन पश्चिम बंगाल के प्रवासी कॉर्डिनेटर डॉ. अरुण अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में सामाजिक, व्यापारिक और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन भारत शाखा के अध्यक्ष सज्जन सर्राफ ने की। उन्होंने व्यापारिक समुदाय को सशक्त बनाने और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन, राजस्थान के मुख्य संरक्षक बाल किशन बालसरिया, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन से आशीष तिवाड़ी और विमल केडिया भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद घनश्याम तिवाड़ी को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर शुभकामनाएं दीं।

बैठक के दौरान बंगाल और राजस्थान में व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने पर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थानी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग भी उठाई। इस संबंध में सांसद से आग्रह किया गया कि राजस्थानी भाषा को संवैधानिक मान्यता दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश