home page

महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए बनेगा नया मंच

 | 
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए बनेगा नया मंच


जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर कोटा शहर पुलिस की ओर से 17 अगस्त 2026 को ‘महिला सुरक्षा संकल्प संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार ‘सुरक्षा संवाद 2.0’ जन-जागरूकता अभियान के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं और आमजन से सीधे संवाद कर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन कोटा शहर पुलिस और ब्लू डॉट डॉयलॉग संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मुख्य कार्यक्रम 17 अगस्त को सुबह 11:30 बजे से बोरखेड़ा स्थित कोरल पार्क के एलन सुहास सभागार में होगा। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर महिलाओं और आमजन को संबोधित करेंगे। वहीं पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की गरिमामयी मौजूदगी रहेगी।

महिला सुरक्षा संकल्प संवाद के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया। इस दौरान कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

पोस्टर विमोचन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ने महिलाओं की सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए संदेश दिया कि सभी मिलकर मजबूत ‘सुरक्षाबंधन’ बनाएं और सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण का संकल्प लें। कोटा शहर पुलिस ने भी महिलाओं और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

कार्यक्रम का मूल मंत्र ‘जागरूकता से सुरक्षा, संवाद से सशक्तिकरण’ रखा गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ सुरक्षा से जुड़े विषयों पर खुला और पारदर्शी संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही कोटा शहर पुलिस की ओर से महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न पहलों और आपातकालीन सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना है।

इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चुनौतियों और उनके समाधान पर सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। पुलिस और महिलाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कोटा को महिलाओं के लिए और अधिक सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश