home page

महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक सहभागिता पर मंथन

 | 
महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक सहभागिता पर मंथन


जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के तत्वावधान में जिला महिला सम्मेलन का आयोजन महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, आदर्श नगर में उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सामाजिक दायित्व, संगठनात्मक सहभागिता तथा कार्यक्षेत्र में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान को लेकर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

सम्मेलन के प्रथम सत्र की अध्यक्षता जिला संगठन मंत्री रुक्मणी चौधरी ने की। इस दौरान संगठन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, गतिविधियों और संगठनात्मक भूमिका की जानकारी दी गई। संभाग संगठन मंत्री कमलेश चौधरी ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए महिला शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सत्र का संचालन जिला महिला मंत्री भावना सक्सेना ने किया।

द्वितीय सत्र में जिला उपाध्यक्ष माया गुप्ता की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महामंत्री प्रोफेसर गीता भट्ट ने महारानी पद्मावती के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रेरणादायी व्याख्यान दिया।

उन्होंने महारानी पद्मावती के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व को महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर उन्होंने ‘सती’ पुस्तक के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी। सत्र का संचालन जिला मंत्री सुनीता शर्मा ने किया।

सम्मेलन का तृतीय सत्र ‘महिलाओं के समक्ष चुनौतियां’ विषय पर केंद्रित रहा। जिला महिला सचिव विमला यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, सामाजिक दायित्व, कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर चर्चा हुई।

वक्ता सुनीता शर्मा ने महिलाओं की भूमिका, आत्मनिर्भरता और संगठनात्मक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी संगठन और समाज दोनों को मजबूती प्रदान करती है। सत्र का संचालन जिला महिला सचिव संस्कृत सुशीला शर्मा ने किया।

समापन अवसर पर जिला उपाध्यक्ष माया गुप्ता ने आभार जताया। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन में सभी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और महिला शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता ही संगठन की मजबूती का आधार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित