home page

भारतीय वायुसेना में अग्निवीर वायु पदों में भर्ती : आयु सीमा में छूट के साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पुन: शुरू

 | 
भारतीय वायुसेना में अग्निवीर वायु पदों में भर्ती : आयु सीमा में छूट के साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पुन: शुरू


जोधपुर, 03 मार्च (हि.स.)। वायुसैनिक चयन केंद्र के कमान अधिकारी विंग कमांडर अभिषेक कटोच ने बताया कि भारतीय वायुसेना में अग्निवीरवायु पदों में भर्ती के लिए आयु सीमा में छूट के साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से फिर शुरु हो गई है। इस बार आयु सीमा में छूट दी गई है। अब अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ा कर 22 वर्ष कर दी गई है। अब 22 वर्ष की उम्र सीमा के अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र होंगे।

भारतीय वायु सेना ने अग्निवीर वायु पदों पर पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों दोनों के लिए अग्निवीरवायु इंटैक 01 /2027 के लिए आवेदन पोर्टल मंगलवार, 03 मार्च 2026 से 10 मार्च 2026 तक फिर से चालू कर दिया है जिसके द्वारा इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार आवेदन करके आयुसीमा में दी गई छूट का लाभ उठा सकते है। यह सभी योग्य उम्मीदवारो के लिए भारतीय वायु सेना में शामिल होकर भारत की सशस्त्र सेना बलों का हिस्सा बनने का सुनहरा अवसर है।

भारतीय वायुसेना ने हाल ही में कोरिजेंडम जारी करके इसकी जानकारी दी है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं जिसके लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 01 जनवरी 2005 से लेकर 01 जुलाई 2009 के बीच होनी चाहिए ( यहां लिखी दोनों तिथि भी मान्य)। साथ ही अभ्यर्थी को 12वीं या इसके समकक्ष परीक्षा न्यूनतम 50 त्न या अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है एवं इसके साथ ही अंग्रेजी विषय में भी 50त्न या इससे अधिक अंक होना अनिवार्य है।

12 वीं भौतिकी एवं गणित विषय वाले अभ्यर्थी साइंस ग्रुप एवं अन्य ग्रुप दोनों में आवेदन के पात्र होंगे। जबकि 12 वीं या समकक्ष परीक्षा में अन्य विषयों वाले अभ्यर्थी अन्य ग्रुप (साइंस के अलावा) में आवेदन के पात्र होंगे। आयु सीमा के अलावा बाकी अन्य सभी जानकारी एवं भर्ती प्रकिया के सभी मानदंड वायु सेना अग्निवीरवायु पदों पर भर्ती के विज्ञापन संख्या सीबीसी 10803/13/0025/2526 के अनुसार होंगे जो कि रोजगार समाचार के 17 जनवरी 2026 के अंक में प्रकाशित हुआ था। विज्ञापन एवं कोरिजेंडम उपयुक्त उल्लिखित भर्ती आवेदन की वेबसाइट द्वारा भी डाउनलोड की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश