home page

भामाशाह सम्मान समारोह 29 जून को जयपुर में

 | 
भामाशाह सम्मान समारोह 29 जून को जयपुर में


जयपुर, 10 जून (हि.स.)। सरकारी स्कूलों को संवारने वाले दानवीरों के सम्मान की घड़ी नजदीक है। राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह का 30वां संस्करण 29 जून को जयपुर में आयोजित होगा। इस सम्बन्ध में बुधवार को शिक्षा संकुल के मंथन सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सभी समितियों को निर्देश दिए कि समारोह में आने वाले भामाशाह हमारे अतिथि हैं, उनके आतिथ्य में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

निदेशक जाट ने प्रत्येक समिति के संयोजक से अब तक की तैयारियों और आगे की कार्य योजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भामाशाहों का सम्मान करना शिक्षा विभाग का सौभाग्य है। इनके सहयोग से ही सरकारी विद्यालयों में संसाधन जुटते हैं और शैक्षिक उन्नयन होता है।

समारोह की नोडल अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक मंजू शर्मा ने बताया कि भामाशाह सम्मान समारोह की शुरुआत 1995 में हुई थी। यह इसका 30वां संस्करण है। उन्होंने निदेशक को आश्वस्त किया कि अब तक की तैयारियां पूरी हैं और शेष कार्य भी जल्द संपादित कर लिए जाएंगे। उपनिदेशक दीपक कुमार शुक्ला ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कोई भी आयोजन तभी सफल होता है जब पूरे मनोयोग से काम किया जाए। उपजिला शिक्षा अधिकारी बसंत जिंदल ने बताया कि इससे पहले भी सभी समितियों की संयुक्त निदेशक की अध्यक्षता में बैठकें हो चुकी हैं।

इस दौरान शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सम्मान की श्रेणियां भी स्पष्ट की। राजकीय महाविद्यालय और विद्यालयों में 1 करोड़ रुपए या उससे अधिक का सहयोग देने वाले दानदाताओं को 'शिक्षा विभूषण' सम्मान से नवाजा जाएगा। 30 लाख से अधिक लेकिन एक करोड़ से कम का सहयोग करने वाले भामाशाहों को 'शिक्षा भूषण' सम्मान मिलेगा। वहीं एक लाख से अधिक लेकिन 30 लाख से कम का सहयोग देने वालों को जिला स्तरीय समारोह में 'शिक्षा श्री' सम्मान दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल